मोहला जिले में अधिकारियों की लगी क्लास: अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक, योजनाओं के क्रियान्वयन के दिए निर्देश
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने मोहला जिले के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे योजनाओं की जानकारी ली।
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक
एनिशपुरी गोस्वामी- मोहला। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने मोहला में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कई विभागों की समीक्षा के साथ ही जानकारी ली। वहीं कार्यों के क्रियांवयन के दिशा- निर्देश भी दिए। आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने कहा कि, नया और आकांक्षी जिला सभी के सामूहिक प्रयास से आगे बढ़ेगा।
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने कहा कि, यह मुख्यतः कृषि आधारित जिला है, इसलिए कृषि, उद्यानिकी, वन और सिंचाई विभाग आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करें, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिल सके और आयमूलक गतिविधियों को बढ़ावा मिले। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए हॉस्टल-छात्रावास में बच्चों की संख्या एवं आवास निर्माण की जानकारी ली।
पीएम आवास निर्माण की ली जानकारी
धरती आबा, उत्कर्ष ग्राम अभियान और आदि कर्मयोगी अभियान के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा की। मंडावी ने कहा कि, शेष ग्रामों में भी अभियान आयोजित कर ग्रामीणों को लाभान्वित करने का कार्य किया जाए। मौके पर उन्होंने वीरान ग्रामों का सर्वे करने को कहा ताकि आबादी होने पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान उन्होंने पीएम आवास निर्माण की जानकारी ली।
अफसरों को दिए निर्देश
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने आवश्यक प्रगति लाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। श्रम विभाग को उन्होंने कहा कि, योजनाएं सीधे जनता से जुड़ी हैं इसलिए विभागीय टीमें मैदान में जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दें और पात्रों को लाभ सुनिश्चित करें। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर दिया जोर-शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि आदिवासी अंचल में प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी के लिए योजना बनाएं।
अफसरों ने कमियों से कराया अवगत
कलेक्टर प्रजापति ने औंधी और मानपुर हॉस्टल में नियमित स्टाफ की कमी से अवगत कराया। मौके पर अध्यक्ष श्री मंडावी ने जननी सुरक्षा, चिरायु, आयुष्मान, एम्बुलेंस जैसे विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान सीएमएचओ ने बताया कि, निक्षय पोषण के तहत पूरक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। वही संस्थागत प्रसव हेतु प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने एनआरसी में बच्चों की संख्या की भी जानकारी ली, उन्होंने कहा कि पालकों को प्रोत्साहित करें, ताकि बच्चों को सुपोषित किया जा सके।
कृषि विभाग की भी समीक्षा
कृषि, उद्यानिकी व मछली पालन में नई संभावनाओं पर की चर्चा- कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कृषि विभाग को लघु धान्य फसलों के क्षेत्र विस्तार के निर्देश दिए। साथ ही जैविक खेती के लक्ष्य की जानकारी ली। वहीं उद्यानिकी विभाग को आयल पाम योजना के लक्ष्य के विरुद्ध कम प्रगति पर लोगों को योजना की लाभ की जानकारी देने और प्रोत्साहित करने को कहा।
तेंदूपत्ता संग्रहण और भुगतान की ली जानकारी
मछली पालन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि, मछली पालन लाभ का व्यवसाय हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं को मछली पालन का प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ मछली पालन में बेहतर कार्य किए गए स्थलों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मसाला की खेती के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कौशल विकास की समीक्षा करते हुए उन्होंने आईटीआई में ट्रेड के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा। दौरान उन्होंने वन विभाग की समीक्षा करते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण और भुगतान की जानकारी ली।
कई योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की
विभागीय अधिकारी ने बताया कि, राशि भुगतान कर दी गई है वहीं बोनस की राशि शेष है। मौके पर उन्होंने लघु वनोंपज संग्रहण, चरण पादुका वितरण और किसान मित्र वृक्ष योजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, आबकारी विभाग, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास में संचालित विभागीय योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की।
जिले को बस्तर संभाग में जोड़ने की रखी मांग
बैठक में आदिवासी समाज प्रमुखों ने नए जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी को बस्तर संभाग में जोड़ने के साथ- साथ बस्तर प्राधिकरण में जिलों को शामिल करने की मांग रखी। इस दौरान आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने समाज प्रमुखों से बैठक मे अपील किया कि, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होते हुए जनजाति समाज के उत्थान के लिए कदम उठाने को कहा।