NHM कर्मी परेशान: दो महीने बाद भी रद्द नहीं हुई बर्खास्तगी

शासन स्तर पर मिले आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म करने वाले एनएचएम कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं दिया जा रहा है।

Updated On 2025-11-25 09:15:00 IST

File Photo 

रायपुर। शासन स्तर पर मिले आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म करने वाले एनएचएम कर्मचारियों को दो महीने से वेतन नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा उन कर्मचारियों की नौकरी पर वापसी नहीं हुई है, जिन्हें उस दौरान बर्खास्त किया गया था। इस मामले में कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल कई बार मंत्री और अफसरों के चक्कर लगा चुका है। आश्वासन के अलावा ठोस पहल नहीं किए जाने की वजह से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर महीनेभर हड़ताल की थी।

स्वास्थ्य सेवा पर इसके पड़ते असर को देखते हुए शासन द्वारा उनकी कई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया। इनमें 5 प्रतिशत की वेतन वृद्धि और आंदोलन का नेतृत्व करने वाले बर्खास्त कर्मचारियों की वापसी प्रमुख थी। हड़ताल समाप्त हुए दो माह से अधिक का वक्त बीत चुका है, मगर अब तक प्रमुख मांगें पूरी नहीं हुई है। कर्मचारी नेताओं के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष सहित जिन 25 लोगों को अब तक सेवा में वापस नहीं लिया गया है। इस मामले में जिम्मेदारों से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल को कार्यवाही पूरी करने का आश्वासन दिया गया है। दूसरी ओर इन कर्मचारियों के वेतन में 5 फीसदी की बढ़ोतरी तो नहीं हुई है उल्टे उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। सितंबर में जब वे काम पर वापस लौटे तो केवल एक सप्ताह की तनख्वाह दी गई थी। इन मामलों को लेकर कर्मचारियों में एक बार फिर नाराजगी बढ़ रही है।

दिवाली में रहे खाली हाथ
एनएनएम के संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी और प्रवक्ता पूरन दास ने बताया कि कर्मचारियों को दिवाली के दौरान भी खाली हाथ रहना पड़ गया था, क्योंकि उन्हें वेतन का भुगतान नहीं हुआ था। अभी भी किए जा रहे टालमटोल की वजह से कर्मचारियों में नाराजगी है। मांगों को पूरा करने उन्हें ठोस आश्वासन तो मिल रहा है, मगर मांग पूरी नहीं की गई है।

Tags:    

Similar News