दुधकैयां में सांप्रदायिक हिंसा: पथराव और आगजनी के बीच भारी पुलिस बल तैनात, CM साय बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई
दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच शिव मंदिर तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाओं के बाद हिंसा भड़क गई। CM विष्णुदेव साय ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।
पथराव और आगजनी के बीच पुलिस बल द्वारा लाठी चार्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजिम से लगे दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच तनाव हिंसक झड़पों में बदल गया। शिव मंदिर में कथित तोड़फोड़ और उसके बाद मारपीट की घटनाओं ने पूरे इलाके में उग्र माहौल बना दिया। स्थिति बिगड़ने पर कई जिलों से पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में है और दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा, उन पर विधि सम्मत कार्रवाई होगी।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई- CM साय
हिंसक झड़प पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, घटना उनके संज्ञान में है और सरकार पूरी गंभीरता से मामले पर नजर रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीनो आरोपी और जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर भी मुख्यमंत्री ने यही दोहराया कि सरकार कानून के दायरे में रहते हुए ही हर कदम उठाएगी, और किसी भी तरह की अवैध कार्रवाई नहीं की जाएगी।
शिव मंदिर तोड़फोड़ और पहला विवाद
दुधकैयां गांव में एक मुस्लिम युवक ने शिव मंदिर में तोड़फोड़ की थी। मामले के सामने आते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसके बाद जेल से छूटकर युवक अपने रिश्तेदारों के साथ लौटा और ग्रामीणों पर हमला करने लगा।
पुलिस तत्काल नहीं पहुंची- पीड़ित नरेंद्र साहू
इस दौरान गांव के नरेंद्र साहू पर तीन युवकों ने मिलकर हमला किया और उसे लकड़ी के डंडों से बुरी तरह पीटा। नरेंद्र साहू के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया, पीड़ित का आरोप है कि मामले की जानकारी होने के बाद भी पुलिस तत्काल आरोपियों को पकड़ने नहीं पहुंची।
हिंसा भड़की, घरों और वाहनों में लगाई आग
हमले की खबर फैलते ही हिंदू समुदाय के ग्रामीण भड़क उठे। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों से जुड़े घरों और कुछ वाहनों में आग लगा दी। देखते ही देखते गांव में तनाव और हिंसा फैल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
SP बोले स्थिति नियंत्रित और तीन आरोपी गिरफ्तार
मौके पर गरियाबंद, रायपुर, महासमुंद, दुर्ग और राजनांदगांव जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया है। SP ने बताया कि ग्रामीणों और आरोपियों को हटाने की कोशिश पर कुछ लोगों ने पुलिस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।