बीजेपी ने किया राजमिस्त्रियों को सम्मानित: भाजपा मंडल नगरी ने बढ़ाया कर्मवीरों का हौसला

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बीजेपी मंडल नगरी के राजमिस्त्री संघ को सम्मानित किया गया। सभी पदाधिकारियों ने राजमिस्त्री को पुष्पमाला पहनाकर, उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

Updated On 2025-09-23 13:53:00 IST

राजमिस्त्रियों को सम्मानित करते बीजेपी नेता 

गोपी कश्यप- नगरी। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी मंडल नगरी द्वारा नगर के राजमिस्त्री संघ को सम्मानित किया गया। यह आयोजन नगर के उन कर्मवीरों को समर्पित रहा, जिनकी मेहनत और पसीने पर हर घर, हर सड़क और हर भवन की नींव टिकी होती है।

राज मिस्त्रियों का सम्मान भाजपा मंडल एवं नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हृदय साहू, भाजपा मंडल नगरी महामंत्री रूपेंद्र साहू, पार्षद राजा पवार और निषाद के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। सभी पदाधिकारियों ने राजमिस्त्री भाईयों को पुष्पमाला पहनाकर, उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने योजनाओं की दी जानकारी
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रमिक वर्ग, विशेषकर राजमिस्त्री भाईयों और कर्मवीरों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, बीमा एवं पेंशन योजनाओं को रेखांकित करते हुए बताया गया कि भाजपा सरकार हमेशा कर्मवीरों के हित में कार्य कर रही है।

राजमिस्त्री समाज के मजबूत स्तंभ
भाजपा मंडल अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि, राजमिस्त्री भाई केवल ईंट और गारे को जोड़ने का काम नहीं करते, बल्कि वे समाज और विकास की असली नींव रखते हैं। उनकी मेहनत के बिना किसी भी नगर या गांव का विकास अधूरा है। भाजपा मंडल नगरी इस सम्मान के माध्यम से यह संदेश देना चाहता है कि हमारे कर्मवीर समाज के स्तंभ हैं। आने वाले समय में भी भाजपा संगठन हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहेगा और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

बीजेपी पदाधिकारियों ने राजमिस्त्री भाईयों को दी बधाई
राजमिस्त्री संघ द्वारा नगर में आयोजित किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि संघ ने अपने प्रयासों से समाज में एकता, सहयोग और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण तैयार किया है। कार्यक्रम के अंत में भाजपा पदाधिकारियों ने राजमिस्त्री भाईयों को शुभकामनाएँ दीं और उन्हें नगर में इसी प्रकार प्रेरणादायी आयोजनों के लिए प्रोत्साहित किया। यह आयोजन न केवल सेवा पखवाड़ा की सार्थकता को बढ़ाता है बल्कि श्रमिक वर्ग की गरिमा और सम्मान को भी एक नया आयाम देता है।

Tags:    

Similar News