धान नहीं बिकने से किसान हुआ परेशान: विवश होकर कलेक्टर को लिखा पत्र, बेटी की शादी के लिए मांगी 2 लाख रुपयों की सहायता
कवर्धा जिले में धान बिक्री नहीं हो पाने से परेशान होकर किसान ने कलेक्टर को भावुक चिट्ठी लिखी है। किसान ने 2 लाख 4 हजार रुपये की सहायता दिलाने की मांग की है।
किसान पुनऊ राम पटेल
संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में धान बिक्री नहीं हो पाने से परेशान एक विवश किसान पिता ने कलेक्टर को भावुक चिट्ठी लिखी है। राजानवागांव जिले के किसान पुनऊ राम पटेल ने रकबा संशोधन के लिए पहले ही आवेदन किया था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी आज तक सुधार नहीं हुआ।
रकबा संशोधन नहीं होने के कारण किसान अपना धान नहीं बेच पा रहा है, जिससे परिवार आर्थिक संकट में फंस गया है। किसान ने चिट्ठी में बताया है कि, उसकी बेटी की शादी तय है, लेकिन धान नहीं बिकने से घर चलाना भी मुश्किल हो गया है।
किसान ने की 2 लाख 4 हजार रुपये सहायता की मांग
पुनऊ राम पटेल ने किसी भी विभाग से 2 लाख 4 हजार रुपये की सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि बेटी की शादी और परिवार की जरूरतें पूरी हो सकें। इस चिट्ठी में एक पिता की बेबस पीड़ा और प्रशासन से आखिरी उम्मीद साफ झलकती है। अब यह देखना होगा कि, प्रशासन इस मामले में कब तक संज्ञान लेता है।
धान खरीदी केंद्र की अव्यवस्था पर किसान का फूटा गुस्सा
वहीं बलौदाबाजार जिले में धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बिना किसानों की सहमति के रकबा समर्पण किए जाने से धान बिक्री में भारी परेशानी हो रही है, जिससे किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।
नाराज होकर मंडी गेट पर किसान ने लगाया जाम
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिले के पलारी तहसील अंतर्गत ग्राम ससहा का है। यहां एक किसान तेजराम वर्मा का रिकॉर्ड अनुसार 48 क्विंटल धान बिकना था, लेकिन बिना जानकारी दिए उसका रकबा समर्पित कर केवल 40 क्विंटल धान ही खरीदी के लिए मान्य किया गया। इससे नाराज किसान ने ट्रैक्टर लेकर मंडी गेट पर जाम कर दिया और धरने पर बैठ गया।
जिम्मेदार अधिकारी नहीं दे पा रहे स्पष्ट जवाब
किसान का कहना है कि, जब रकबा के हिसाब से पूरा 48 क्विंटल धान बिक सकता था, तो 8 क्विंटल धान को रोकने और रकबा समर्पण करने का कारण क्या है? बिना किसान से पूछे यह प्रक्रिया क्यों अपनाई गई, इसका कोई स्पष्ट जवाब जिम्मेदार अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं।
पूरी खरीदी की मांग पर अड़ा हुआ है किसान
सूचना मिलने पर पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसान को समझाइश के लिए थाना ले जाया गया, लेकिन किसान का ट्रैक्टर अब भी मंडी के पास सड़क पर खड़ा है। अधिकारियों द्वारा बाद में धान बिकवाने की बात कही जा रही है, पर किसान तत्काल पूरी खरीदी की मांग पर अड़ा हुआ है।