प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव की PC: बोले- ग्रामीण भारत की तस्वीर और तकदीर बदलेगा विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम गांवों के विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Updated On 2026-01-06 17:36:00 IST

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव की PC 

अनिल सामंत- जगदलपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम 2025 गांवों के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। देव ने कहा कि यह अधिनियम किसानों,मजदूरों और गरीबों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष देव ने कहा कि, मनरेगा की तुलना में यह अधिनियम अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी है। जहां पहले 100 दिनों का रोजगार मिलता था, वहीं अब 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार की कानूनी गारंटी दी जा रही है। देव ने कहा कि इससे ग्रामीण आय बढ़ेगी और पलायन पर रोक लगेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मजदूरी भुगतान सात दिनों के भीतर अनिवार्य होगा और देरी होने पर मजदूर को अतिरिक्त राशि मिलेगी, जिससे वर्षों पुरानी भुगतान संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। 


इन चार प्रमुख क्षेत्रों पर किया जाएगा विशेष फोकस 
उन्होंने आगे कहा कि, खेती-किसानी को सुरक्षित रखने के लिए बुवाई और कटाई के दौरान 60 दिनों तक कार्य स्थगन का प्रावधान रखा गया है। ताकि, किसानों को पर्याप्त श्रमिक मिल सकें। फर्जी मास्टर रोल, मशीनों के दुरुपयोग और धांधली पर यह अधिनियम प्रभावी रोक लगाएगा। जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आपदा सुरक्षा और आजीविका संवर्धन- इन चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जाएगा। दल्ली राजहरा–जगदलपुर रेल लाइन पर पूछे गए सवाल के जवाब में देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नजर बस्तर पर है। वे बस्तर के समुचित विकास के लिए हर आवश्यक कदम उठाना चाहते हैं। भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही रावघाट- जगदलपुर रेल लाइन पर कार्य प्रारम्भ होगा,जिससे बस्तर की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

सिंचित रकबा बढ़ाने के लिए एक नई योजना की जा रही जल्द लॉन्च
सिंचित रकबा बढ़ाने से जुड़े प्रश्न पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से पूछे गए सवाल पर कि वर्तमान में बस्तर में सिंचित रकबा मात्र 7 से 10 प्रतिशत है और कोसारटेडा मध्यम सिंचाई परियोजना को छोड़ अन्य योजनाएँ सीमित हैं। सिंचित रकबा बढ़ाने के लिए एक नई योजना शीघ्र लॉन्च की जा रही है। हाल ही में दर्जनों एनीकटों के साथ देउरगांव और मटनार बैराज को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर में सिंचाई विस्तार के लिए हर स्तर पर ठोस उपाय किए जा रहे हैं।

विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम के प्रमुख बिंदु
ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी, सात दिनों में मजदूरी भुगतान एवं विलंब पर अतिरिक्त राशि, बुवाई-कटाई काल में 60 दिनों तक कार्य स्थगन, धांधली पर सख्त रोक,जल सुरक्षा-ग्रामीण अधोसंरचना-आपदा सुरक्षा-आजीविका संवर्धन पर विशेष फोकस,तथा कृषि-पशुपालन-मत्स्य पालन-कौशल विकास को मजबूती देकर टिकाऊ ग्रामीण विकास का स्पष्ट रोडमैप।

ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष (बस्तर) वेदप्रकाश पाण्डेय, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय,पूर्व विधायक (बस्तर) डा. सुभाऊ कश्यप, बैदूराम कश्यप, पूर्व जिला अध्यक्ष विद्याशरण तिवारी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, नगर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, भाजपा जिला महामंत्री परीस राम बेसरा, जिला उपाध्यक्ष आर्येन्द्र आर्य, नरसिंह राव, रामाश्रय सिंह, पश्चिम नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, पूर्वी नगर मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव, सुरेश गुप्ता, मनोहर तिवारी, रोहित त्रिवेदी, आलोक अवस्थी, कृष्ण कुमार शुक्ला, सुरेश मिश्रा, विपिन मालवीय, दिगम्बर राव, विक्रम सिंह यादव, बृजेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News