अंडे का फंडा: रोज 50 लाख से ज्यादा खा रहे छत्तीसगढ़िया, कीमत पहुंची सात रुपए

ठंड का अभी पूरी तरह से आगाज भी नहीं हुआ है और प्रदेश में लोग रोज 50 लाख से ज्यादा अंडे डकार रहे हैं।

Updated On 2025-11-04 11:18:00 IST

File Photo 

रायपुर। ठंड का अभी पूरी तरह से आगाज भी नहीं हुआ है और प्रदेश में लोग रोज 50 लाख से ज्यादा अंडे डकार रहे हैं। अंडों की खपत में इजाफा होने के कारण इसके दाम भी अभी से चिल्हर में सात रुपए पहुंच गए हैं। पहली बार इसके दाम आठ रुपए तक जाने की संभावना है। इस साल तो गर्मी में खपत कम होने के बाद भी दाम सात रुपए हो गए थे। आमतौर पर गर्मी में दाम कम हो जाते हैं।

छत्तीसगढ़ की गिनती देश के अंडों का ज्यादा उत्पादन करने वाले राज्यों में होती है। अपने प्रदेश में रोज 80 लाख अंडों का उत्पादन होता है। इसमें से 45 से 50 फीसदी अंडे दूसरे राज्यों में जाते हैं, बाकी अंडों की खपत अपने राज्य में होती है। गर्मी के समय में जब खपत कम हो जाती है तब बहुत परेशानी होती है। उत्पादन तो रुक नहीं सकता है। ऐसे में अंडों को गोल्ड स्टोरेज में रखना पड़ता है।

चिल्हर में अंडा सात रुपए हो गया
मानसून में अंडों के दाम चिल्हर में पांच रुपए थे, लेकिन मानसून के जाने के बाद अब ठंड के प्रारंभ में ही अंडों की कीमत राजधानी रायपुर में चिल्हर में सात रुपए हो गई है। पोल्ट्री फार्म में दाम 5.60 रुपए से 5.75 रुपए हैं। थोक कारोबारियों के यहां पर दाम 6.25 रुपए और किराना दुकानों के साथ चिल्हर कारोबारियों को पहुंचाकर वेंडर 6.35 से 6.50 रुपए में अंडे दे रहे हैं। ऐसे में चिल्हर कारोबारी सात रुपए में बेच रहे हैं। एक दर्जन अंडे लेने पर भी सात रुपए के हिसाब से ही पैसे लग रहे हैं। बड़ी चिकन दुकानों में जहां पर अंडे भी बेचे जाते हैं, वहां पर थोक में 30 अंडों का क्रेट लेने पर दाम 6.50 रुपए लग रहे हैं।

खपत बढ़ी
प्रदेश में रोज अंडों का 80 लाख उत्पादन होता है। इसमें से 35 से 40 लाख अंडे दूसरे राज्यों में जाते हैं, बाकी अंडों की खपत अपने राज्य में होती है, पर इस समय अपने राज्य में ही रोज 50 लाख से ज्यादा की खपत हो रही है। दूसरे राज्यों में 25 से 28 लाख अंडे ही जा पा रहे हैं। आने वाले समय में खपत में और इजाफा होगा और राज्य में खपत 60 लाख से ज्यादा हो जाएगी। ठंड में बीते साल भी अपने राज्य में रोज 60 लाख से ज्यादा अंडों की खपत हो रही थी।

प्रदेश में खपत बढ़ी
पोल्ट्री कारोबारी धनराज बैनर्जी ने बताया कि, ठंड में हमेशा ही अपने राज्य में खपत बढ़ जाती है। इस समय भी खपत बढ़ गई है। आने वाले समय में खपत में और इजाफा होगा। पोल्ट्री में दाम 5.60 रुपए हैं। कीमत में और इजाफा संभव है।

Tags:    

Similar News