7 फरवरी को आएंगे अमित शाह: 8 को रायपुर में नक्सलवाद पर बड़ी बैठक, 9 को जाएंगे बस्तर
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एक बार फिर से तीन दिनों के छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। यह दौरा 7 से 9 फरवरी तक होगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एक बार फिर से तीन दिनों के छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। यह दौरा 7 से 9 फरवरी तक होगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक जम्मू कश्मीर से सात फरवरी की शाम को वे यहां पहुंच जाएंगे। अगले दिन 8 फरवरी को नक्सलवाद पर होटल मेफेयर में दिन भर बैठकों का दौर चलेगा। इस बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ प्रदेश के पुलिस अधिकारी, नक्सल मोर्चे पर लगे प्रदेश के अधिकारियों के साथ केंद्र सरकार के अधिकारी भी शामिल होंगे।
श्री शाह तय कार्यक्रम के मुताबिक जम्मू एयरपोर्ट से बीएसएफ के विमान से दोपहर को 2.15 बजे रवाना होंगे। वे 4.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां पर उनका मुख्यमंत्री, प्रदेश के मंत्रियों के साथ भाजपा नेता स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट से श्री शाह होटल मेफेयर जाएंगे। यहां पर रात्रि विश्राम करेंगे।
8 को दिन पर बैठकों का दौर अगले दिन 8 फरवरी को
नक्सलवाद पर दिन भर बैठकों का दौर चलेगा। पहले चरण में 11 से 12.45 बजे तक बैठक होगी। इसके बाद 12.45 से 2.00 बजे तक नक्सलवाद की समीक्षा बैठक होगी। दोपहर को 2 से 3 बजे का समय भोजन के लिए रहेगा। इसके बाद फिर से 3.00 से लेकर 4.15 बजे तक बैठक होगी। 4.15 से 5.00 बजे का समय आरक्षित रखा गया है। 5.00 से लेकर 6.10 बजे तक श्री शाह साप्ताहिक पत्रिका 'ऑर्गेनाइजर' के 'भारत प्रकाशन' द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव 'छत्तीसगढ़ @ 25 शिफ्टिंग द लेंस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद का समय रात्रि भोजन और रात्रि विश्राम के लिए आरक्षित है।
9 को पंडुम महोत्सव का करेंगे समापन
अपने दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को श्री शाह जगदलपुर, बस्तर में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रतीक है। श्री शाह रायपुर से 11 बजे जगदलपुर के लिए बीएसएफ के विशेष विमान से रवाना होंगे। 12.05 से 120 बजे तक पंडुम महोत्सव के समापन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद भोजन करेंगे और फिर 2.15 बजे बीएसएफ के विमान से जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।