बलौदा बाजार में ‘रूल ऑफ लॉ’ पर सेमिनार: चीफ जस्टिस बोले- कानून का राज देश को बनाता है मजबूत

जिला न्यायालय बलौदा बाजार में ‘रूल ऑफ लॉ’ पर सेमिनार का आयोजन हुआ। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-11-22 15:36:00 IST

रूल ऑफ लॉ पर सेमिनार समारोह 

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में शुक्रवार को 'रूल ऑफ लॉ' विषय पर महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उच्च न्यायालय की न्यायाधीश रजनी दुबे, न्यायाधीश राकेश मोहन पांडे और न्यायाधीश वीडी गुरु भी उपस्थित रहे।

मुख्य न्यायाधीश ने संबोधन में कहा कि, जिस देश में कानून का राज होता है, वहां शांति, व्यवस्था और समाज दोनों मजबूत रहते हैं। न्याय सभी के लिए समान होना चाहिए और न्यायालय पर जनता का विश्वास सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कानून कमजोर होता है, वहां गरीब और पीड़ित वर्ग को न्याय नहीं मिल पाता।

न्यायिक दक्षता बढ़ाने पर दिया गया मार्गदर्शन
सेमिनार में न्यायिक अधिकारियों को आधुनिक कानूनी चुनौतियों और न्यायिक दक्षता बढ़ाने के लिए विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति रजनी दुबे ने कहा कि, कानून ही देश को संचालित करता है, गरीबों का भरोसा न्यायालय ही है। यदि उन्हें न्याय न मिले तो समाज कमजोर हो जाता है।

कानून का राज समाप्त होते ही अपराध का प्रभाव बढ़ता है
न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडे ने चेताया कि, कानून का राज समाप्त होते ही अपराध और माफिया का प्रभाव बढ़ जाता है, इसका उदाहरण कई देशों में देखा जा सकता है। वहीं न्यायमूर्ति वी. डी. गुरु ने कहा कि, न्यायपालिका ही समाज में संतुलन और व्यवस्था बनाए रखने की मुख्य शक्ति है, कानून खत्म होगा तो अपराध बढ़ेंगे और समाज अस्थिर होगा।

ऑनलाइन कोर्ट सुविधा का विस्तार करने की घोषणा
मुख्य न्यायाधीश ने बलौदा बाजार सहित दूरस्थ अंचलों के लोगों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन कोर्ट सुविधा का विस्तार करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि बिलाईगढ़, सिमगा और कसडोल न्यायालय में ऑनलाइन कोर्ट शुरू होने से ग्रामीणों को घर बैठे ही न्यायालय में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि मामलों की पेंडेंसी भी घटेगी।

इनकी भी रही गरिमामयी मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला न्यायालय के न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी, दिनेश कुमार वर्मा, जिलाधीश दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, पंजीयक रजनीश श्रीवास्तव, तथा जिले के अनेक न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News