थाने में मचा हड़कप: खुद पर आग लगाकर थाने के अंदर घुसी महिला
महिला थाने में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया और दौड़ते हुए थाने के अंदर घुस गई।
File Photo
रायपुर। महिला थाने में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया और दौड़ते हुए थाने के अंदर घुस गई। मौके पर उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों ने महिला पर पानी तथा कंबल डालकर उसे बचाया। महिला को गंभीर हालत में उपचार के लिए डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला 70 प्रतिशत झुलस गई है। महिला पुरानी बस्ती के कैलाशपुरी की रहने वाली है। महिला ने पांच वर्ष पूर्व शिवम गोस्वामी नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। महिला के दो बच्चे हैं।
पुलिस के अनुसार, वर्षा देवांगन ने खुद पर आग लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की है। महिला थाने की स्टाफ के मुताबिक महिला काउंसिलिंग के लिए यातायात थाना पहुंची थी। वह यातायात थाना से निकलकर दोपहर साढ़े 11 बजे के करीब महिला थाना पहुंची और थाने के बाहर काफी देर तक बैठी रही। इस दौरान महिला थाने का स्टाफ अपने काम में व्यस्त था। तभी पुलिसकर्मियों को बाहर से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आई। इसी दौरान एक महिला आग लगाकर थाने के अंदर घुस गई। थाने के अंदर घुसने के बाद वह आगे गलियारा में जाने के बाद पुनः चिल्लाते हुए बाहर निकली। इस दौरान मौके पर उपस्थित पुलिस स्टाफ ने पानी की व्यवस्था कर महिला पर डाला तथा थाने में रखे कंबल से ढक कर आग बुझाने की कोशिश की, तब तक महिला बुरी तरह से झुलस चुकी थी ।
पति पर आरोप
वर्षा देवांगन ने शिवम से वर्ष 2020 में लव मैरिज की थी। प्रेम विवाह करने के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा। महिला के परिजनों के अनुसार शादी के छह माह बाद शिवम अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने के साथ उसके साथ मारपीट करता था। शिवम आदतन जुआड़ी होने के साथ सट्टा खेलने का आदी है। इसके कारण वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर आधी रात को घर से बेघर कर देता था। साथ ही वर्षा को तथा उसके भाई को चाकू मारने के साथ उनके घर को आग लगाने की धमकी देता था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पिछले साल दीपावली पर शिवम ने वर्षा के साथ मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया था।
पुरानी बस्ती पुलिस ने काउंसिलिंग के लिए भेजा था
दीपावली के समय की घटना के बाद वर्षा ने अपने पति के खिलाफ पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने पति-पत्नी का झगड़ा मानकर काउंसिलिंग के लिए महिला थाना भेज दिया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद शिवम वर्षा को पहले से ज्यादा प्रताड़ित करने लगा था। साथ ही काउंसिलिंग में जब मर्जी होती, वह पहुंचता था। शिवम के खिलाफ किसी तरह से कोई कार्रवाई नहीं होने से आहत महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर खुदकुशी करने की कोशिश की।
15 मिनट इंतजार के बाद पहुंची 112 की टीम
गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पाताल ले जाने पुलिसकर्मियों ने डॉयल 112 के साथ 108 को कॉल किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉयल-112 की टीम 15 मिनट इंतजार के बाद महिला थाना पहुंची और महिला को उपचार कराने डीकेएस अस्पताल लेकर पहुंची। तब तक आग से झुलसी महिला थाना परिसर में तड़पती रही।