'सिर पर कफन बांधकर निकला हूं': भू-माफियाओं को डिप्टी CM विजय सिन्हा की दो टूक, कहा- भ्रष्टाचार अब बर्दाश्त नहीं

बिहार के डिप्टी CM विजय सिन्हा ने भू-माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों को खुली चेतावनी दी है। 'सिर पर कफन बांधने' की बात कहकर उन्होंने साफ कर दिया है कि राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार अब बर्दाश्त नहीं होगा।

Updated On 2026-01-30 18:09:00 IST

बिहार के डिप्टी CM विजय सिन्हा ने भू-माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों को खुली चेतावनी दी है। (फाइल फोटो) 

Bihar Mews: बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा इन दिनों अपने विभाग को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए मिशन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने हाल ही में भू-माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि वे किसी के दबाव या धमकी में आने वाले नहीं हैं। सिन्हा ने भावुक और कड़े अंदाज में कहा, "विजय कुमार सिन्हा सिर पर कफन बांधकर निकला है, मुझे किसी का डर नहीं है।" उनका यह बयान उन तत्वों के लिए सीधा संदेश माना जा रहा है जो भूमि सुधार की प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

अपराधियों के खिलाफ संघर्ष का दिया हवाला

डिप्टी CM ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपराधियों और गलत प्रवृत्तियों के खिलाफ चुनाव लड़ा है और जीत हासिल की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि और राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता लाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विजय सिन्हा ने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि वे दलालों या माफियाओं के जरिए तंत्र को प्रभावित कर लेंगे, वे बड़ी गलतफहमी में हैं। सरकार अब जमीन से जुड़े हर मामले में जवाबदेही तय करने जा रही है।

भ्रष्ट अधिकारियों पर गिरेगी निलंबन की गाज

राजस्व विभाग के भीतर चल रही अंदरूनी गड़बड़ियों पर निशाना साधते हुए मंत्री ने साफ किया कि जो भी अधिकारी भू-माफियाओं के हित में काम करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले या गलत कार्यों में संलिप्त अंचल अधिकारियों (CO) और अन्य कर्मियों को तुरंत निलंबित (Suspend) किया जा सकता है। सिन्हा के मुताबिक, यदि भ्रष्टाचार के पुख्ता प्रमाण मिलते हैं, तो केवल निलंबन ही नहीं, बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

ईमानदार अधिकारियों को सुरक्षा, गड़बड़ी करने वालों को सजा

विजय सिन्हा ने विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि ईमानदार और जनता के हित में काम करने वाले कर्मचारियों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सरकार उनके साथ खड़ी है। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर सुधारों के रास्ते में रोड़े अटका रहे हैं। उन्होंने 'भूमि सुधार जनसंवाद' कार्यक्रम के माध्यम से जनता से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया ताकि बिचौलियों की भूमिका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

Tags:    

Similar News