बिहार बीजेपी को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष: संजय सरावगी को सौंपी गई कमान, 2005 से लगातार विधायक
बिहार बीजेपी को नया मुखिया मिल गया है। पार्टी ने अनुभवी नेता और दरभंगा से विधायक संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। जानिए उनका राजनीतिक सफर।
बीजेपी ने संजय सरावगी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
Sanjay Saraogi BJP Bihar President: भारतीय जनता पार्टी ने संजय सरावगी को बिहार बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। संजय सरावगी की गिनती बिहार बीजेपी के अनुभवी और जमीनी नेताओं में होती है। वे दरभंगा विधानसभा सीट से कई बार विधायक चुने जा चुके हैं और क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखते हैं।
संजय सरावगी का राजनीति से जुड़ाव छात्र जीवन से ही रहा है। वे करीब 10 वर्षों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे और विभिन्न पदों पर काम किया। छात्र राजनीति के दौरान ही उन्होंने संगठनात्मक अनुभव हासिल किया, जिसका लाभ उन्हें आगे के राजनीतिक जीवन में मिला।
1995 में बीजेपी जॉइन की
संजय सरावगी ने वर्ष 1995 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद 2002 में वे दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या 6 से पार्षद चुने गए। 2003 में उन्होंने दरभंगा जिला भाजपा महामंत्री के रूप में संगठन में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले वे भाजयुमो के जिला मंत्री और नगर मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
यह भी पढ़ें: संजय सरावगी की बायोग्राफी: एक क्लिक में जानिए उम्र, शिक्षा, परिवार, संपत्ति और राजनीतिक सफर
2005 से लगातार दरभंगा के विधायक
संजय सरावगी वर्ष 2005 में पहली बार दरभंगा सदर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। इसके बाद उन्होंने 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की। 2025 के चुनाव में उन्होंने विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख उमेश सहनी को बड़े अंतर से हराकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की।
मंत्री बनने के बाद तेज हुई प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा
बीजेपी के नियम के अनुसार एक व्यक्ति एक ही पद पर रह सकता है। दिलीप जायसवाल को बिहार विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार में मंत्री बनाया गया था। इसके बाद से ही यह सवाल उठने लगा था कि बिहार बीजेपी का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा। अब पार्टी ने संजय सरावगी के नाम पर मुहर लगा दी है।
पार्टी हाईकमान का आधिकारिक आदेश
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि विधायक संजय सरावगी को तत्काल प्रभाव से बिहार बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। इस फैसले के साथ ही पार्टी संगठन में नए नेतृत्व की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव भी मजबूत
28 अगस्त 1969 को दरभंगा में जन्मे संजय सरावगी ने मिथिला विश्वविद्यालय से M.Com और MBA की पढ़ाई की है। वे 2017 में बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति भी रह चुके हैं। फरवरी 2025 से वे बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
संगठन को मजबूती देने की जिम्मेदारी
बीजेपी नेतृत्व को उम्मीद है कि संजय सरावगी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से बिहार में संगठन और मजबूत होगा और आगामी चुनावों में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा। उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और चुनावी रिकॉर्ड को देखते हुए पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।