ठंड के साथ कोहरे का डबल अटैक: बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट; जानें कल कैसा रहेगा मौसम

बिहार में ठंड और कोहरे का असर तेज हो गया है। 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जानें 1 फरवरी को मौसम कैसा रहेगा और अगले सप्ताह बारिश के क्या हैं आसार।

Updated On 2026-01-31 19:32:00 IST

Bihar Weather Update, 1 February

Bihar Weather Update, 1 February: बिहार में ठंड के बीच कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। 1 फरवरी (रविवार) को राज्य का मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन रात और सुबह के समय अधिकतर इलाकों में धुंध और कोहरे की चादर छाई रहेगी। खासतौर पर उत्तर बिहार के जिलों में घने कोहरे की आशंका जताई गई है।

12 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पश्चिम चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सीवान, सारण (छपरा), वैशाली (हाजीपुर), समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी शामिल हैं।

रविवार सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट, ठंड बरकरार

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को बिहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के सबौर में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान 8 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

पटना में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री गिरकर 12.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। भागलपुर और गया जैसे जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जिससे रात की ठंड और तीखी हो गई है।

विजिबिलिटी घटी, दिन में भी सर्दी का एहसास

शनिवार सुबह कोहरे के कारण राज्यभर में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भागलपुर में दृश्यता महज 50 मीटर तक सिमट गई। बीते 24 घंटों में पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, मोतिहारी और गोपालगंज समेत कई जिलों में दिन के तापमान में 2 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे दोपहर में भी ठंडक महसूस की गई।

अगले सप्ताह बदल सकता है मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, फरवरी के पहले सप्ताह में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। पहला 2 फरवरी की रात, जबकि दूसरा 5 फरवरी को प्रभाव दिखाएगा। इसका मुख्य असर उत्तर-पश्चिम भारत में रहेगा, लेकिन बिहार के कुछ हिस्सों में भी इसका असर नजर आ सकता है।

3 फरवरी को इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग ने 3 फरवरी को दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। बक्सर, कैमूर (भभुआ), भोजपुर (आरा), रोहतास (सासाराम), औरंगाबाद और अरवल जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, पटना और आसपास के जिलों में भी छिटपुट बारिश के आसार बने हुए हैं।

Tags:    

Similar News

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में घोटाला: पटना समेत 6 जिलों के 15 कॉलेज जांच के घेरे में, जांच शुरू