लालू की लाडलियां: विवादों के बीच चर्चा में लालू प्रसाद यादव की सातों बेटियां! देखिये सभी की प्रोफाइल

रोहिणी आचार्य के विवादों के बीच लालू प्रसाद यादव की सातों बेटियां चर्चा में हैं। इनमें से मीसा भारती और रोहिणी आचार्य राजनीति में सक्रिय हैं।

Updated On 2025-11-16 21:10:00 IST

लाल प्रसाद यादव की सात बेटियां हैं और दो बेटे जिनमे तेज प्रताप यादव बड़े हैं और तेजस्वी यादव छोटे बेटे हैं।

पटना : राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का परिवार एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। हाल ही में, उनकी दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य द्वारा खुद को पार्टी और परिवार की गतिविधियों से अलग करने की खबरें सामने आईं, जिसने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर लालू-राबड़ी परिवार की सात बेटियों के जीवन, शिक्षा और राजनीतिक सक्रियता पर लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी है। बिहार की राजनीति के इस सबसे बड़े परिवार की लाडलियां कौन हैं?

किसकी शादी बड़े राजनीतिक घरानों में हुई और किसने अपने लिए मेडिकल या इंजीनियरिंग का रास्ता चुना? आइये देखते है पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की सातों बेटियों की प्रोफाइल।



मीसा भारती

मीसा भारती लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सबसे बड़ी बेटी हैं। उनका नाम मीसा कानून के नाम पर रखा गया था, जिसके तहत उनके पिता लालू यादव 1975 में आपातकाल के दौरान जेल गए थे—यह एक अनोखा और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तथ्य है। दरसल मीसा भारती का नाम मीसा (MISA) रखा जाना केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम है।

मीसा वास्तव में Maintenance of Internal Security Act (आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिनियम) का संक्षिप्त रूप है। 1975 में जब देश में आपातकाल (Emergency) लागू किया गया था, तो इसी MISA कानून का उपयोग राजनीतिक विरोधियों को बिना किसी मुकदमे के हिरासत में लेने के लिए किया गया था। युवा नेता लालू प्रसाद यादव ने आपातकाल का कड़ा विरोध किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें इसी MISA कानून के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

जब लालू यादव जेल में थे, तभी उनकी सबसे बड़ी बेटी का जन्म हुआ। अपनी गिरफ्तारी और देश की लोकतांत्रिक लड़ाई को याद रखने और उस कानून के खिलाफ एक विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से, लालू यादव ने अपनी नवजात बेटी का नाम उसी दमनकारी कानून के नाम पर मीसा (MISA) रख दिया।

मीसा ने पटना के प्रतिष्ठित पटना मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है और पढ़ाई पूरी करने के बाद वह डॉक्टर बनीं। उनकी शादी शैलेश कुमार से हुई है, जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनका खुद का व्यवसाय है। शैलेश कुमार का परिवार गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आता है।

मीसा भारती खुद सक्रिय राजनीति में हैं; वह राष्ट्रीय जनता दल की प्रमुख नेता हैं और पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद के रूप में बिहार का प्रतिनिधित्व करती रही हैं। उनके दो बेटियां और एक बेटा है।



रोहिणी आचार्य

रोहिणी आचार्य लालू परिवार की दूसरी बेटी हैं। अपनी बड़ी बहन मीसा की तरह, रोहिणी ने भी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है और एक डॉक्टर हैं। उनकी शादी राव समरेश सिंह से हुई है, जो कंप्यूटर इंजीनियर हैं और वे लंबे समय तक सिंगापुर में रहे।

रोहिणी आचार्य ने मेडिकल करियर को छोड़कर परिवार और सामाजिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता हमेशा बनी रही। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से काफी सहायता प्रदान की और हाल के वर्षों में वह अपने पिता को किडनी दान करने के फैसले के कारण राष्ट्रीय सुर्खियों में आईं, जिसे उनकी असाधारण समर्पण और साहस के रूप में देखा गया।

2024 में, वह अपने पिता की पारंपरिक सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ी हालांकि उनका हर का सामना करना पड़ा। हाल ही में, उन्होंने कुछ आंतरिक विवादों के बाद खुद को पार्टी और सार्वजनिक राजनीतिक गतिविधियों से दूर कर लिया है।


चंदा यादव

चंदा यादव लालू प्रसाद यादव की तीसरी बेटी हैं। अपनी बहनों के विपरीत, उन्होंने मेडिकल के बजाय कानून की पढ़ाई को चुना और पुणे के एक प्रतिष्ठित संस्थान से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने कानून की पढ़ाई के बाद वकालत के क्षेत्र में अपना करियर बनाने पर विचार किया था।

उनकी शादी विक्रम सिंह से हुई है, जो इंडियन एयरलाइंस में एक पायलट हैं और उनका परिवार भी पूरी तरह से गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आता है।

चंदा यादव लालू परिवार की उन बेटियों में से हैं, जिन्होंने राजनीतिक सुर्खियों से दूर रहकर एक निजी और प्रोफेशनल जीवन को प्राथमिकता दी है। वह और उनके पति दिल्ली में रहते हैं।


रागिनी यादव

रागिनी यादव लालू प्रसाद की चौथी बेटी हैं। उन्होंने रांची के बीआईटी मेसरा से तकनीकी संस्थान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था। उनकी शादी राहुल यादव से हुई है, जो उत्तर प्रदेश में राजनेता हैं। राहुल यादव, समाजवादी पार्टी के नेता जितेंद्र यादव के बेटे हैं।

इस विवाह ने लालू प्रसाद यादव के परिवार को उत्तर प्रदेश के एक प्रमुख यादव राजनीतिक परिवार से जोड़ा। रागिनी खुद सक्रिय राजनीति में शामिल नहीं हैं, लेकिन उनके पति राहुल यादव 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और वे अपने पिता के साथ राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं। रागिनी अपनी बहनों के मुकाबले कम सार्वजनिक जीवन में दिखती हैं।


हेमा यादव

हेमा यादव लालू परिवार की पांचवीं बेटी हैं। उन्होंने रांची के बीआईटी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। हेमा यादव की शादी विनीत यादव से हुई है, जो राजनेता हैं और उनका परिवार हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहा है। विनीत यादव का परिवार एक पुराना राजनीतिक रसूख रखता है। हेमा यादव ने अपनी पढ़ाई और शादी के बाद राजनीति से दूरी बनाए रखी है। 


अनुष्का राव

अनुष्का राव लालू प्रसाद की छठी बेटी हैं। उन्होंने इंटीरियर डिजाइनिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। उनकी शादी चिरंजीवी राव से हुई है, जो हरियाणा में सक्रिय राजनेता हैं। चिरंजीवी राव के पिता अजय सिंह यादव हैं, जो कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं और हरियाणा सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

अनुष्का राव खुद राजनीति से दूर रहती हैं, लेकिन उनके पति चिरंजीवी राव अपनी पैतृक राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं और हरियाणा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। 


राजलक्ष्मी यादव

राजलक्ष्मी यादव लालू प्रसाद यादव की सबसे छोटी और लाडली बेटी हैं। उनकी शादी सबसे बड़े राजनीतिक परिवार में हुई है; उनके पति तेज प्रताप सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पोते और समाजवादी पार्टी के नेता हैं। तेज प्रताप सिंह यादव पूर्व सांसद भी रह चुके हैं।

राजलक्ष्मी की यह शादी वर्ष 2015 में हुई थी और यह एक भव्य राजनीतिक आयोजन था, जिसने दोनों राज्यों की राजनीति में व्यापक सुर्खियां बटोरी थीं। यह विवाह लालू परिवार और मुलायम सिंह यादव के परिवार के बीच घनिष्ठ राजनीतिक संबंधों का प्रतीक है, राजलक्ष्मी स्वयं राजनीति में नहीं हैं।


Tags:    

Similar News