प्रियदर्शिनी उड़ान योजना: कांग्रेस का बिहार की महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड मुहिम

महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने बताया कि बिहार की 80% ग्रामीण महिलाएं आज भी सैनिटरी पैड से वंचित हैं। इस पर 'प्रियदर्शिनी उड़ान परियोजना' की शुरुआत कर मुफ्त सैनिटरी पैड वितरण का अभियान चलाया गया है।

Updated On 2025-06-18 21:22:00 IST

कांग्रेस ने 'प्रियदर्शिनी उड़ान योजना' की शुरुआत की है, जिसके तहत महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड वितरण किया जाएगा।

Priyadarshini Udaan Yojana: बिहार की 80 प्रतिशत ग्रामीण महिलाएं आज भी सैनिटरी पैड की जगह कपड़े का उपयोग करने को मजबूर हैं। यह चौंकाने वाला खुलासा उस समय हुआ जब भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान महिला कांग्रेस ने बिहार में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक न्याय पर सर्वे किया।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने बताया कि इस स्थिति से निपटने के लिए ‘प्रियदर्शिनी उड़ान परियोजना’ की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत दिल्ली में एक और बिहार के दो जिलों में सैनिटरी पैड मशीनें लगाई गई हैं।

अलका लांबा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि बिहार सरकार ने पटना हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद 40,000 स्कूलों के बजाय केवल 350 स्कूलों में सैनिटरी पैड देने की बात कही। जब महिला कांग्रेस की टीम ने इन स्कूलों का दौरा किया, तो पाया कि वहां भी कोई वितरण नहीं हो रहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा प्रति लड़की सालाना ₹300 देने की घोषणा महज दिखावा है। इन हालातों को देखते हुए, महिला कांग्रेस ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर बिहार की 25,000 जरूरतमंद महिलाओं को फ्री सैनिटरी पैड देने का निर्णय लिया है।

यह अभियान महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता के लिए एक सार्थक कदम माना जा रहा है, जो समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं की गरिमा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा।

Tags:    

Similar News