PM मोदी से संवाद: भोजपुर की रीता और गया की नूरजहां ने सुनाई सफलता की कहानी; बताया कैसे बदली किस्मत?

बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत, 75 लाख महिलाओं के बैंक खाते में सीधे ₹10,000 ट्रांसफर। पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने दी योजना की सौगात, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण।

Updated On 2025-09-26 13:20:00 IST

Mahila Rojgar Yojana

PM Modi Jivika didi Samvad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (26 सितंबर) को बिहार में महिला आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ किया। बताया कि इस योजना से राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपए की राशि रोजगार के लिए दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद रहे। सीएम नीतीश कुमार ने कहा, बिहार में महिलाएं अब आत्मनिर्भर बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं। भोजपुर जिले की रीता दीदी ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया।

भोजपुर की रीता ने बताई कहानी  

रीता ने बताया कि 2015 से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। बताया कि 5,000 मिले थे, जिससे 4 बकरियां खरीदकर रोजगार शुरू किया। इनसे आय हुई तो 50 मुर्गियां खरीद ली और अंडे का व्यवसाय शुरू कर दिया। 2 लाख मिलते हैं तो पोल्ट्री फार्म शुरू करूंगी। रीता ने बताया कि हम पहले मिट्टी के घर में रहते थे। अब पक्का मकान, शौचालय, शुद्ध पानी, गैस कनेक्शन और मुफ्त इलाज जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।

नूरजहां खातून खोलेंगी काउंटर 

गया की नूरजहां खातून ने बताया कि 10 हजार से वह अपना काउंटर खोलेंगी। कहा, मैं पहले से सिलाई दुकान चला रही हूं। पति यही काम बाहर करते हैं। उन्हें घर बुला लिया है। अभी हम 10 लोगों को रोजगार देते हैं। 2 लाख की मदद मिली तो और काम बढ़ाएंगे और रोजगार देंगे।

लखपति दीदी अभियान को मिलेगी गति

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, देश में पहले जब कोई पैसा भेजा जाता था तो कुछ पैसा ही लोगों तक पहुंचता था. अब संपूर्ण राशि सीधे आपके बैंक खाते में पहुंच रही है। यह आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना केंद्र के लखपति दीदी अभियान को भी मजबूती देगी। रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से महिलाओं को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। 

Tags:    

Similar News