Nitin Nabin: राष्ट्रीय जिम्मेदारी संभालते ही नितिन नबीन ने छोड़ा मंत्री पद, बिहार सरकार के दो अहम विभाग हुए खाली

बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन ने बिहार सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। वह पथ निर्माण और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस्तीफे के बाद अब नए मंत्री को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Updated On 2025-12-16 15:46:00 IST

बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन ने बिहार सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। 

Nitin Nabin: बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद नितिन नबीन ने बिहार सरकार के मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है । उन्होंने अपना त्यागपत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपा, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। उनके इस्तीफे के साथ ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

दो अहम विभागों की थी जिम्मेदारी

नितिन नबीन बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग का प्रभार संभाल रहे थे। ये दोनों विभाग राज्य के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। उनके कार्यकाल में सड़क निर्माण, शहरी सुविधाओं के विस्तार और विकास योजनाओं को गति मिली।

कार्यकुशल मंत्री के रूप में रही पहचान

सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर नितिन नबीन की पहचान एक सक्रिय और कार्यकुशल मंत्री के तौर पर रही है। उनके नेतृत्व में कई अहम परियोजनाओं पर काम हुआ, जिससे शहरी और ग्रामीण विकास को मजबूती मिली।

राष्ट्रीय संगठन पर रहेगा पूरा फोकस

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद नितिन नबीन संगठनात्मक कार्यों पर पूरा ध्यान देना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने मंत्री पद छोड़ने का फैसला लिया। इसे बीजेपी की 'एक व्यक्ति–एक जिम्मेदारी' नीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

नए मंत्री को लेकर अटकलें तेज

नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पथ निर्माण और नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Tags:    

Similar News