मधुबनी में चार लोगों की हत्या: दुकान खोलने पैसे नहीं देने पर झगड़ा, पत्नी, सास और दो बच्चों को पत्थर से कुचलकर मार डाला

Madhubani Crime News: बिहार के मधुबनी में चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। दामाद ने ससुराल में सास, पत्नी और अपने दो मासूम बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। दो बच्चों ने छिपकर अपनी जान बचाई।

Updated On 2024-05-11 15:06:00 IST
हत्या के बाद गांव में फैली सनसनी। मची चीख-पुकार।

Madhubani Crime News: दुकान खोलने के लिए ससुराल वालों ने पैसे नहीं दिए तो दामाद ने तांडव मचा दिया। शुक्रवार रात को शख्स ने अपनी पत्नी, सास और दो बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। दो बच्चों ने अनाज रखने वाले कोठी के कोने में छिपकर जान बचाई। परिवार के चार लोगों को मौत के घाट उतारने के बाद हत्यारा दामाद फरार हो गया। सनसनीखेज हत्या मबुधनी के झंझारपुर थाना क्षेत्र के सुखेत पंचायत स्थित बरिशलाल चौक की है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

अनाज पीसने वाले पत्थर से कुचलकर मारा 
जानकारी के मुताबिक, बरिशलाल चौक में पवन महतो लगातार दुकान खोलने के लिए ससुराल वालों से पैसे मांग रहा था। इसी बात को शुक्रवार को पवन का पत्नी और सास से विवाद हुआ। विवाद के बाद रात को पवन ने अपने साथी के साथ मिलकर सास प्रमिला देवी (60), पत्नी पिंकी देवी (26), 4 साल की बेटी प्रीति कुमारी और छह माह की बेटी प्रिया को अनाज पीसने वाले जांता के पत्थर और उसके लकड़ी के हैंडल से सिर कुचलकर मार डाला। दादी के साथ सो रहे आरोपी दामाद के साले संतोष महतो के दो बच्चे सुहानी और सचिन पलंग के नीचे छुप गए थे। दोनों बच्चों ने पुलिस को आंखों देखी घटना के बारे में बताया। घटना के बाद से आरोपी पवन फरार है। 

पिता की आवाज सुनकर बच्चे बाहर निकले 
संतोष महतो सुबह जब मां के घर पर पहुंचा और आवाज लगाई तो देखा कि सभी लाश पड़ी थी। चौकी के नीचे सहमे बच्चे पिता की आवाज सुनकर बाहर निकले तो उसने बताया कि उनके फूफा ने रात में चारों लोगों को मार डाला। सूचना पर पुलिस पहुंची। लोगों की भीड़ भी पहुंची। पुलिस ने बच्चों के बयान दर्ज किए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी भेजा गया है। एफएसएल टीम भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

पिछले 10 दिन से ससुराल में रहा था पवन 
मृतक पत्नी पिंकी देवी के भाई संतोष महतो ने पुलिस को बताया कि पवन नशेड़ी है। उसकी बहन के साथ अक्सर मारपीट करता था और बार-बार पैसा भी मांगता था। 4 साल पहले भी 20 हजार दिए थे। एक बार फिर से दुकान खोलने के नाम पर पैसा मांग रहा था। पवन महतो पिछले 10 दिनों से यहीं रह रहा था। रात में पत्नी और मां से झगड़ा के बाद कुछ लोगों बुलाया और परिवार के चार लोगों को मार डाला।  

Similar News