नीतीश कुमार के नेता केसी त्यागी के बदले सुर: बोले- पतन की ओर I.N.D.I.A गुट, इसके लिए कांग्रेस का अड़ियल रवैया जिम्मेदार

KC Tyagi Blames Congress for Cracks in INDIA Alliance: नीतीश कुमार के फिर से भाजपा के साथ जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री को अशांत आत्मा कहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा 2025 में राज्य में नई सरकार बनाएगी।

Updated On 2024-01-27 15:03:00 IST
KC Tyagi

KC Tyagi Blames Congress for Cracks in INDIA Alliance: जनता दल-यूनाइटेड (JDU) नेता केसी त्यागी के अचानक सुर बदल गए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एनडीए में जाने की अटकलों के बीच केसी त्यागी ने शनिवार को दावा किया कि इंडिया ब्लॉक में दरार के लिए कांग्रेस का अड़ियल रवैया जिम्मेदार है। इंडिया गठबंधन अब टूट चुका है और अपने पतन की ओर बढ़ रहा है।

यूपी, पंजाब, बंगाल में लोग कांग्रेस से नाराज
केसी त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार ने जिस मेहनत और इरादे से इंडिया गठबंधन बनाया था, वह कांग्रेस के गैरजिम्मेदाराना और अड़ियल रवैये के कारण टूटने के कगार पर है। पंजाब में अकाली दल और बीजेपी के एक साथ आने की बड़ी संभावना है और कांग्रेस और आप के बीच लड़ाई की संभावना है। इसी तरह, अखिलेश यादव भी कांग्रेस पार्टी के रवैये से नाखुश हैं और उन्होंने उन्हें और अधिक जिम्मेदारी से व्यवहार करने का सुझाव भी दिया है। सबसे खराब स्थिति पश्चिम बंगाल में है। जहां कांग्रेस नेता टीएमसी की चुनी हुई सरकार को राष्ट्रपति शासन के हवाले करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ममता ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अनुमति न देकर विवाद को और बढ़ा दिया है। हमारा जो भारत गठबंधन था, वह अब टूट चुका है। अपने पतन की ओर बढ़ रहा है।

Watch Video...

अमित शाह ने चिराग पासवान के साथ की बैठक
उधर, बिहार में सियासी संकट के बीच बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शनिवार को बिहार के बक्सर में सीएम नीतीश कुमार के साथ विकास कार्यों के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जो भी होगा भगवान की इच्छा के मुताबिक होगा। पहली बार मैं ही उन्हें (नीतीश कुमार को) यहां लाया था और आज भी मैं उन्हें यहां लाया हूं।

दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर पहुंचे। बैठक में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान भी मौजूद रहे। चिराग पासवान ने कहा कि कुछ देर में सब पता चल जाएगा। वहीं, बिहार के पटना में बीजेपी बिहार कोर कमेटी की बैठक भी चल रही है। 

गिरिराज सिंह बोले- नीतीश कुमार एक अशांत आत्मा
नीतीश कुमार के फिर से भाजपा के साथ जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री को अशांत आत्मा कहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा 2025 में राज्य में नई सरकार बनाएगी। सिंह ने कहा कि बिहार की जनता 2024 के लोकसभा में और 2025 में बिहार में भाजपा को वोट देगी। मैं बस देख रहा हूं कि राज्य में क्या चल रहा है। 

Tags:    

Similar News