Bhojpur Crime News: फिल्मी स्टाइल में बालू माफिया के बीच 50 राउंड फायरिंग, गोलीबारी में दो की दर्दनाक मौत

Bhojpur Crime News: बिहार के भोजपुर में फिल्मी स्टाइल में बालू माफिया के बीच 50 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से घाट पर काम कर रहे 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। एक को चार तो दूसरे को तीन गोली लगी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Updated On 2024-05-02 13:18:00 IST
पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bhojpur Crime News: बिहार के भोजपुर में फिल्मी स्टाइल में घटना हुई। बालू घाट पर बालू माफिया के बीच वर्चस्व की लड़ाई हुई। दोनों ओर से 50 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से घाट पर काम कर रहे 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने दोनों मजदूरों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमालु चक बालू घाट की है। घटन क्यों हुई? आरोपी कौन हैं? तमाम सवालों के जवाब तलाशने पुलिस जांच कर रही है। 

एक को चार तो दूसरे को लगी तीन गोलियां 
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह 7 बजे बालू घाट पर हुई फायरिंग में छपरा के डोरीगंज थाना के सुरथपुर निवासी विकास महतो (20) और चकिया गांव निवासी तुलसी सुदर्शन राय (40 की गोली लगने से मौत हो गई। विकास को तीन और सुदर्शन को चार गोलियां लगी हैं। घायलों की अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। कोईलवर पुलिस जानकारी इकट्ठा करने में जुटी है।

खाना खाने के बाद दोपहर को गए थे दोनों 
परिजनों के मुताबिक, बुधवार को दोपहर खाना खाने के बाद सुदर्शन और विकास बालू घाट पर काम करने के लिए गया था। गुरुवार की सुबह घाट पर गोलीबारी हो गई। गोली लगने से दोनों की मौत हो गई है। विकास पांच भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। सुदर्शन सात भाइयों में चौथे नंबर का था। 

पहले भी हो चुकी है गोलीबारी 
पुलिस का कहना है कि कमालु चक बालू घाट पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बताया कि बालू घाट पर अपना दबदबा कायम रखने के लिए पहले भी माफिया के बीच गोलीबारी की घटना हो चुकी है। माफिया के बीच वर्चस्व की लड़ाई में पहले भी मजदूरों की मौत हुई है। अक्सर माफिया लड़ाई-झगड़ा करते हैं। गुरुवार को हुई घटना में 2 लोगों के मौत की पुष्टि की है।

Similar News