Bihar Election 2025: दूसरे चरण में ऐतिहासिक मतदान, 68.52% वोट पड़े; सबसे ज्यादा किशनगंज में दर्ज हुई वोटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। 3.7 करोड़ मतदाता 1302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। नीतीश के 9 मंत्री, मांझी की बहू और उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी की साख दांव पर है।

Updated On 2025-11-11 20:39:00 IST

बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण में ऐतिहासिक मतदान, पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त।

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का दूसरा और अंतिम चरण मंगलवार, 11 नवंबर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। 20 जिलों की 122 सीटों पर हुए मतदान में 68.52 प्रतिशत वोट पड़े, जो ऐतिहासिक है।

मुस्लिम बहुल किशनगंज में सर्वाधिक 77.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि नवादा में सबसे कम 57.76 प्रतिशत वोटिंग हुई।

चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोनों चरण को मिलाकर राज्य में कुल 66.90 प्रतिशत वोटिंग हुई है। यह आंकड़ा 2020 के चुनावों के 57 प्रतिशत से करीब 9.6 प्रतिशत अधिक है, जो लोकतंत्र की जीत का संकेत देता है। इसमें अभी इजाफा हो सकता है, क्योंकि दूसरे फेज का पूरा आंकड़ा आना बाकी है।

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने बंपर वोटिंग पर NDA की ओर से उत्साह जताते हुए दावा किया कि दूसरे चरण की 122 सीटों में से कम से कम 80 पर गठबंधन की जीत पक्की है। उन्होंने कहा, "जनता ने विकास और स्थिरता को चुना है।" वहीं, विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने मतदाताओं के उत्साह पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा- "लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जो बदलाव की लहर है। महागठबंधन सत्ता में लौटेगा।"

दूसरी तरह प्रारंभिक रुझानों में NDA को मजबूत बढ़त नजर आ रही है। अनुमान के मुताबिक, गठबंधन को 145-160 सीटें मिल सकती हैं, जबकि महागठबंधन 73-91 सीटों तक सिमट सकता है। कुल 243 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 122 सीटें जरूरी हैं। मतगणना 15 नवंबर को होगी।

चुनाव आयोग के अनुसार, वोटिंग में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ी, लेकिन कुछ जगहों पर EVM विवाद की शिकायतें भी आईं। राजनीतिक दलों ने शुभकामनाएं दीं, लेकिन तनाव भी महसूस हो रहा है। बिहार की सियासत अब रुझानों पर टिकी है- क्या NDA इतिहास रचेगा या विपक्ष उलटफेर करेगा?

Bihar Election 2025 2nd Phase Voting: अधिक जानकारी के लिए लाइव ब्लॉग पर विजिट करें।

Live Updates
2025-11-11 17:49 IST

Bihar chunav 2025 voting LIVE Update: दूसरे चरण की 122 सीटों पर रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार शाम 5 बजे तक कुल 67.14% मतदान हुआ है। किशनगंज में सर्वाधिक 76.26% वोट पड़े हैं, जबकि सबसे कम 57.11% मतदान नवादा में दर्ज किया गया है। 



 


2025-11-11 16:02 IST

Bihar chunav 2025 voting LIVE Update: बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के दूसरे चरण में मतदान केन्दों पर मोबाइल रखने की व्यवस्था अलग से की गई है। 


2025-11-11 16:00 IST

Bihar chunav 2025 voting LIVE Update: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण (11 नवंबर) में दोपहर 3 बजे तक कुल मतदान 60.40% हुआ। पश्चिम चंपारण (61.99%), पूर्वी चंपारण (61.92%) और सुपौल (62.06%) में अच्छा प्रदर्शन, जबकि मधुबनी (55.53%) व रोहतास (55.92%) में कम। किशनगंज सबसे ऊपर (66.10%)।


2025-11-11 14:07 IST

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में मतदाताओं ने जबरदस्त जोश दिखाया है। दोपहर 1 बजे तक 47.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। राज्यभर के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग सभी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे हैं। शांतिपूर्ण माहौल में वोटिंग जारी है और लोगों में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

2025-11-11 13:01 IST

जन सुराज नेता और करगहर से उम्मीदवार रितेश रंजन उर्फ रितेश पांडे ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जनता अब जात-पात से ऊपर उठकर शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर मतदान कर रही है। रितेश पांडे ने विश्वास जताया कि इस बार लोग अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वोट देंगे। उन्होंने दावा किया, “मुझे अपनी जीत का 100 परसेंट भरोसा है।”


2025-11-11 12:55 IST

सुबह 11 बजे तक 35 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई है। अभी तक सबसे ज्यादा मतदान किशनगंज जिले में हुए हैं। 11 बजे तक इन 10 विधानसभा क्षेत्रों में 35 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े हैं।

  • गुरुआ- 37.99
  • बाराचट्टी- 36.91
  • वाल्मीकि नगर- 36.78
  • किशनगंज- 35.81
  • कोचाधामन- 35.58
  • टेकारी- 35.59
  • धौरेया- 35.39
  • शेरघाटी- 35.36
  • बेलागंज- 35.28
  • झाझा- 35.16

2025-11-11 12:54 IST

वोटिंग के दौरान पीठासीन पदाधिकारी की मौत

अरवल में वोटिंग के दौरान पीठासीन पदाधिकारी अरविंद कुमार की अचान तबीयत बिगड़ी। बूथ 189 पर वो ड्यूटी कर रहे थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2025-11-11 12:50 IST

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। उन्होंने बताया कि जिस तरह की तैयारी की गई थी, वह अब जमीन पर दिख रही है। सभी जिलों में पुलिस की सख्त निगरानी है, जबकि जंगल इलाकों में CRPF और STF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। डीजीपी ने भरोसा जताया कि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा और मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर पाएंगे।

2025-11-11 11:49 IST

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे फेज में सुबह 11 बजे तक औसतन 31.38 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में सबसे ज्यादा वोटिंग किशनगंज जिले में 34.74% रही, जबकि सबसे कम मधुबनी में 28.66% वोट पड़े। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और दोपहर तक वोटिंग प्रतिशत में और इजाफे की उम्मीद जताई जा रही है।


2025-11-11 10:30 IST

122 सीटों पर 9 बजे तक 14.55% मतदान

बिहार विधानसभा के दूसरे और आखिरी फेज के लिए 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग जारी है। सुबह 9 बजे तक 14.55% मतदान हुआ है, जो पहले फेज से 1.24 प्रतिशत ज्यादा है।


Tags:    

Similar News