बिहार: राज्यपाल के अभिभाषण पर तेजस्वी यादव का हमला; बोले– 10 साल से वही भाषण, जमीन पर कोई काम नहीं
बिहार विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को घेरा। बोले– भाषण में हरियाली है, लेकिन सर्वे में हकीकत कुछ और।
बिहार विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को घेरा। (फाइल फोटो)
Bihar Budget: बिहार विधान मंडल के बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत सोमवार को हुई। सेंट्रल हॉल में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर सदन में पहुंचे।
तेजस्वी यादव का तीखा पलटवार
कार्यवाही समाप्त होने के बाद तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अभिभाषण पूरी तरह सरकार द्वारा लिखा गया था, जिसे राज्यपाल ने पढ़कर सुना दिया। तेजस्वी के मुताबिक, पिछले एक दशक से वही बातें दोहराई जा रही हैं, जिसमें कुछ भी नया नहीं है।
'भाषण में हरियाली, सर्वे में सच्चाई गायब'
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार के भाषण में हरियाली और विकास की तस्वीर दिखाई जाती है, लेकिन जमीनी सर्वे और आंकड़े इसकी पुष्टि नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिभाषण में आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए एनडीए के पुराने वादों और घोषणाओं को दोबारा परोसा गया है।
कानून-व्यवस्था और विकास पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बिहार में दिनदहाड़े अपराध, हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। विकास के पैमाने पर बिहार देश के पिछड़े राज्यों में शामिल है, जबकि अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में आगे है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नौकरी जैसे अहम क्षेत्रों में सरकार पूरी तरह फेल रही है।
बजट और प्रतीकात्मक राजनीति पर तंज
आगामी आम बजट को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि इसमें भी कुछ नया होने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनावी राज्यों को ध्यान में रखकर सिर्फ प्रतीकात्मक संदेश दिए जा रहे हैं, लेकिन आम जनता के लिए ठोस राहत की कोई बात नजर नहीं आती।
नीट छात्रा केस और CBI जांच पर प्रतिक्रिया
नीट छात्रा हत्या मामले की सीबीआई जांच पर तेजस्वी ने कहा कि इससे पहले भी कई बड़े मामलों में जांच एजेंसियां नतीजे नहीं दे सकीं। उन्होंने साफ कहा कि न्याय दिलाना ही असली चुनौती है और विपक्ष इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा। अगर सरकार जवाब नहीं देगी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।