बिहार: सिपाही भर्ती पेपर लीक केस में ED की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड संजीव मुखिया के ठिकानों पर छापेमारी
बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 पेपर लीक केस में ED ने नालंदा में संजीव मुखिया और उसके सहयोगी संदीप कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की। जानिए किस तरह जुड़ा है NEET पेपर लीक और हरनौत चुनाव से कनेक्शन।
बिहार सिपाही भर्ती पेपर लीक केस में ED ने मास्टरमाइंड संजीव मुखिया के ठिकानों पर छापेमारी की।
Bihar Police paper leak case: बिहार के नालंदा जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने नीट पेपर लीक केस के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया से जुड़े दो ठिकानों- बलवा गांव और गोसाई मठ पर एकसाथ छापेमारी की।
बलवा गांव में छापेमारी संजीव मुखिया के बेटे डॉ. शिव के घर पर की गई। शिव सिपाही भर्ती पेपर लीक में पहले ही जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था। वहीं, दूसरी छापेमारी संजीव मुखिया के करीबी सहयोगी संदीप कुमार के घर गोसाई मठ में हुई। संदीप इलाके का प्रभावशाली किसान है और उसके पास बड़ी कृषि भूमि है।
गोसाई मठ में छापेमारी के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने से पहले मौके पर तैनात सीआरपीएफ के जवानों ने भीड़ को शांत किया, जिसके बाद तलाशी की कार्रवाई सुचारू रूप से जारी रही। वहीं, संदीप कुमार छापेमारी से पहले ही फरार हो गया, जिससे उसकी संलिप्तता पर शक और गहरा गया है।
पटना से गिरफ्तार हुआ था संजीव मुखिया
बता दें कि संजीव मुखिया को अप्रैल महीने में पटना से गिरफ्तार किया गया था। उस पर ₹3 लाख का इनाम घोषित था। वह पहले नूरसराय हॉर्टिकल्चर कॉलेज में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत था। अब ईडी उसकी संपत्तियों और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में है संजीव मुखिया की पत्नी
इस मामले में राजनीतिक एंगल भी सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, संजीव की पत्नी आगामी विधानसभा चुनाव में हरनौत सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किसी राजनीतिक दल से जुड़ेंगी या निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरेंगी।
फरार संदीप कुमार की तलाश और अन्य डिजिटल-साक्ष्यों की जांच के बाद ईडी आगे की कार्रवाई करेगी। स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग इस ऑपरेशन में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं।