जनता दल (यू ) प्रत्याशी विजय कुमार चौधरी की बायोग्राफी: एक क्लिक में जानिए उम्र शिक्षा परिवार संपत्ति और राजनीतिक सफर

सरायरंजन विधानसभा सीट से जनता दल (यू ) कैंडिडेट विजय कुमार चौधरी की उम्र, शिक्षा, परिवार, जाति, संपत्ति और राजनीतिक करियर की पूरी जानकारी। बिहार चुनाव 2025 के उम्मीदवार की जीवनी पढ़ें।

Updated On 2025-11-06 17:54:00 IST

विजय कुमार चौधरी बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहें हैं।

जीवन परिचय (विजय कुमार चौधरी) : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में, कुछ सीटें केवल चुनावी मैदान नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा का युद्धक्षेत्र बन गई हैं। समस्तीपुर की सरायरंजन विधानसभा सीट भी ऐसी ही है, जहां जनता दल (यू) के दिग्गज नेता विजय कुमार चौधरी मैदान में हैं।

विजय कुमार चौधरी, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते हैं, न केवल एक मंत्री बल्कि विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं, जो राज्य की राजनीति में उनके मजबूत कद को दिखाता है पहले चरण के मतदान के बीच, सराय रंजन की लड़ाई भी NDA और महागठबंधन के बीच सबसे महत्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक बन गई है।

प्रारंभिक जीवन परिचय एवं शिक्षा

विजय कुमार चौधरी का जन्म 8 जनवरी 1957 को बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में एक भूमिहार परिवार में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय जगदीश प्रसाद चौधरी थे, जो स्वयं एक स्वतंत्रता सेनानी और तीन बार बिहार विधानसभा के सदस्य रहे थे। उन्होंने 1979 में पटना विश्वविद्यालय से इतिहास में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की थी।

अपनी शिक्षा पूरी करने के तुरंत बाद, उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में प्रोबेशनरी ऑफिसर की प्रतिष्ठित नौकरी शुरू की, जिसे उन्होंने राजनीतिक करियर के लिए छोड़ दिया।

पारिवारिक पृष्ठभूमि 

विजय कुमार चौधरी का परिवार शुरू से ही राजनीति से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय जगदीश प्रसाद चौधरी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता थे और दलसिंहसराय से तीन बार विधायक रहे थे। उनकी पत्नी का नाम गंगा चौधरी है, जो चुनावी हलफनामे के अनुसार एक गृहणी हैं।

संपत्ति का विवरण 

2025 के चुनावी हलफनामे के हिसाब से विजय कुमार चौधरी ने 16 अक्टूबर 2025 को अपना नवीनतम चुनावी हलफनामा दाखिल किया है, जिसके अनुसार उनकी कुल संपत्ति 3 करोड़ 17 लाख से अधिक है। उनकी कुल चल संपत्ति 1,52,97,965 (लगभग 1 करोड़ 52 लाख) है। उनकी कुल अचल संपत्ती 1,65,00,000 (लगभग 1 करोड़ 65 लाख) है।

उनके 2025 के हलफनामे के अनुसार उनकी कोई देनदारी नहीं है और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

राजनीतिक कैरियर और पृष्ठभूमि 

उन्होंने 1982 में दलसिंहसराय विधानसभा सीट पर कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव लड़कर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और विजयी हुए। वह 1985 और 1990 में भी विधायक रहे। 2005 में वह जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए। 2010 में उन्होंने सराय रंजन सीट से जीत हासिल की और तब से वह लगातार तीन बार (2010, 2015 और 2020) इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

उन्होंने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष (2015) और नीतीश सरकार में जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री सहित वित्त और शिक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार संभाला है।

सरायरंजन का जाति और राजनीतिक समीकरण 

सराय रंजन सीट पर विजय कुमार चौधरी की व्यक्तिगत पकड़ काफी मजबूत है। यह क्षेत्र भूमिहार, यादव और मुस्लिम मतदाताओं के अलावा मल्लाह समुदाय के वोटों के लिए भी महत्वपूर्ण है। 2025 के चुनाव में उनका मुख्य मुकाबला महागठबंधन के राष्ट्रीय जनता दल उम्मीदवार अरविंद कुमार सहनी से है, जो जीत के लिए जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News