चुनाव से पहले बड़ा तोहफा: बिहार सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में की बढ़ोतरी

Bihar Anganwadi News: बिहार कैबिनेट ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी को दी मंजूरी। चुनाव से पहले महिलाओं को मिला बड़ा तोहफा।

Updated On 2025-09-09 14:42:00 IST

Bihar Anganwadi News: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। राज्य सरकार द्वारा लिया गया यह फैसला महिलाओं को सशक्त बनाने में मददगार साबित होगा तो वहीं आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इसे एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम भी माना जा रहा है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा अधिक मानदेय

नई मंजूरी के तहत अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय ₹6,500 से बढ़ाकर ₹8,000 कर दिया गया है। वहीं, सहायिकाओं को अब ₹3,250 के जगह पर ₹4,000 मासिक मानदेय देने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी बढ़ा हुआ लाभ मिलेगा। यह बढ़ोतरी आगामी महीनों से लागू की जाएगी। राज्य सरकार इसके लिए आवश्यक बजट का प्रावधान करेगी।

महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ

बता दें, प्रदेश भर में करीब 2.5 लाख से अधिक आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं कार्यरत हैं। ये महिलाएं गर्भवती महिलाओं, बच्चों और किशोरियों को पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं प्रदान करती हैं। प्रदेश में लंबे समय से मानदेय बढ़ोतरी की मांग की जा रही थी, जिसे अब जाकर सरकार ने मंजूरी दी है।

चुनावी नजरिए से भी अहम फैसला

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह निर्णय चुनाव से ठीक पहले लिया गया है, जिसका फायदा आगामी चुनाव में देखने को मिल सकता है। यह फैसला एक रणनीतिक कदम है। ग्रामीण और शहरी गरीब महिलाओं तक सरकार की पहुंच मजबूत करने के लिहाज से यह एक असरदार पहल हो सकती है। खासकर तब, जब राज्य में महिला वोटरों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

Tags:    

Similar News