बिहार को सौगात: 22 अगस्त को PM मोदी करेंगे औंटा-सिमरिया ब्रिज का उद्घाटन, जानें खासियत

बिहार का पहला छह लेन गंगा पुल औंटा-सिमरिया 1,871 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा।

Updated On 2025-08-20 18:19:00 IST

Auntha Simaria 6 lane Ganga Bridge

Auntha Simaria 6 lane Bridge: बिहार को 22 अगस्त 2025 को एक ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना के मोकामा (औंटा) और बेगूसराय (सिमरिया) को जोड़ने वाले पहले 6-लेन गंगा पुल का उद्घाटन करेंगे। 1,871 करोड़ की लागत से तैयार यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।

देश का सबसे चौड़ा छह लेन पुल

यह देश का सबसे चौड़ा छह लेन पुल है। जहां सामान्य तौर पर छह लेन पुल की चौड़ाई 29.5 मीटर होती है, वहीं औंटा-सिमरिया पुल की चौड़ाई 34 मीटर है। इससे एक साथ अधिक वाहन गुजर सकेंगे और यातायात दबाव कम होगा। यह एक्सपैंशन केबल ब्रिज है, जिसके नीचे से मालवाहक जहाजों का संचालन भी आसानी से हो सकेगा।


8 किलोमीटर से ज्यादा है लंबाई

पुल की कुल लंबाई एप्रोच रोड समेत 8.150 किमी है, जिसमें गंगा पर बना हिस्सा 1.865 किमी लंबा है। इस परियोजना की परिकल्पना तत्कालीन पथ निर्माण सचिव और वर्तमान मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने की थी। इसकी घोषणा वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विशेष पैकेज में की थी और 2017 में शिलान्यास किया गया था।


उत्तर बिहार के लिए गेमचेंजर साबित होगा पुल

यह पुल पुराने राजेंद्र सेतु के समानांतर बनाया गया है और भारी वाहनों के लिए यात्रा को तेज और आसान बनाएगा। ईंधन की बचत होगी और पटना से औंटा-सिमरिया होते हुए उत्तर बिहार के जिलों तक सीधा संपर्क संभव होगा। इसी के साथ बख्तियारपुर-मोकामा चार लेन सड़क का उद्घाटन भी होगा।


बिहार की पहली HAM मोड परियोजना

औंटा-सिमरिया पुल बिहार की पहली परियोजना है जिसे हाईब्रिड एन्यूटि मॉडल (HAM) पर बनाया गया है। इस मॉडल में 60% खर्च निर्माण एजेंसी द्वारा किया जाता है और सरकार 40% राशि वहन करती है।


गंगा पर बन रहे अन्य 6-लेन पुल

औंटा-सिमरिया के बाद गंगा पर कई और छह लेन पुलों का निर्माण हो रहा है। इनमें कच्ची दरगाह-बिदुपुर, जेपी सेतु के समानांतर पुल और शेरपुर-दिघवारा के बीच बन रहे पुल शामिल हैं। लेकिन पहला चालू होने का रिकॉर्ड औंटा-सिमरिया पुल के नाम दर्ज हो गया है।

Tags:    

Similar News