Rohit Sharma : '14 गेंद में 1 रन भी नहीं बना पाए तो...' IND vs SL मैच टाई होने पर भड़के रोहित शर्मा

Rohit Sharma Statement : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा श्रीलंका के खिलाफ पहला वनडे टाई होने पर मायूस नजर आए। उन्होंने कहा कि इतने पास पहुंचकर जीत नहीं पाने से दुख तो होता ही है।

Updated On 2024-08-03 10:35:00 IST
रोहित शर्मा भी श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेंगे।

नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेला गया पहला वनडे टाई रहा। भारत को 15 गेंद में 1 रन बनाने थे और दो विकेट बाकी थे। लेकिन पहले शिवम दुबे और उसकी अगली ही गेंद पर अर्शदीप सिंह बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए और इस तरह मैच टाई हो गया। ये दूसरा मौका था, जब भारत-श्रीलंका के बीच कोई वनडे टाई हुआ। इतने करीब पहुंचकर भी जीत से चूकने के बाद रोहित शर्मा मायूस नजर आए। उन्होंने मैच के बाद अपनी नाराजगी भी जाहिर की। 

रोहित शर्मा ने मैच के बाद कहा,"इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता था। हमने टुकड़ों में अच्छी बल्लेबाजी की। लेकिन, हमारी बल्लेबाजी में निरंतरता नजर नहीं आई। हमने शुरुआत अच्छी की थी। लेकिन, हम जानते थे कि जैसे ही स्पिन गेंदबाज आएंगे, खेल बदल सकता है। हमने कुछ विकेट गंवा दिए और इसके बाद पीछे हो गए थे। 14 गेंद बचे हों और एक रन बना पाएं तो मायूसी तो होती ही है।" 

रोहित ने आगे कहा, "केएल राहुल और अक्षर पटेल ने साझेदारी करके हमारी मैच में वापसी करा दी थी। लेकिन, बाद में विकेट गिरने से सारा खेल खराब हो गया। ये विकेट ऐसा नहीं था कि आते ही शॉट्स लगा पाएं। गेंद के सॉफ्ट होने के बाद शॉट लगाना आसान नहीं था। ऐसे में एक बल्लेबाज को पिच पर टिककर खेलना था। जिस तरह से हम लड़े उसे लेकर खुश हूं। ऐसे मैचों में खुद पर काबू रखना जरूरी होता है।"

बता दें कि श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पाथुम निसांका के 56 और वेलालागे के नाबाद 67 रन की मदद से 230 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 47.5 ओवर में 230 रन बना पाया। रोहित ने फिफ्टी ठोकी थी। 

Similar News