Vijay Hazare Trophy: 49 चौके...38 छक्के, बिहार ने हिला डाला; 50 ओवर मैच में 574 रन का महारिकॉर्ड बनाया
Vijay Hazare Trophy: वैभव सूर्यवंशी के 84 गेंद में 190 और कप्तान सकीबुल गनी के 40 गेंद में नाबाद 128 रन की बदौलत बिहार ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 574 रन ठोक डाले। ये लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर है। बिहार की पारी के दौरान कई भारतीय रिकॉर्ड भी टूटे हैं।
बिहार ने लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया है। 50 ओवर के मैच में 574 रन ठोके हैं।
Vijay Hazare Trophy: बिहार ने विजय हजारे ट्रॉफी में इतिहास रचने का कारनामा किया है। टीम ने प्लेट लेवल के मैच में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में लिस्ट-ए इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 574 रन ठोके। ये लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे बड़ा टीम टोटल है। इससे पहले, लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड तमिलनाडु के नाम था। उसने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ही 506 रन बनाए थे।
बिहार के बल्लेबाजों ने 574 रन बनाने के दौरान 49 चौके और 38 छक्के मारे। यानी बाउंड्रीज से ही 424 रन जोड़ डाले। बिहार की तरफ से सबसे आतिशी पारी 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने खेली। उन्होंने 84 गेंद में 190 रन की पारी खेली। इस पारी में वैभव ने 16 चौके और 15 छक्के मारे। इसके साथ ही वो लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास के सबसे युवा शतकवीर बने। वैभव ने 14 साल 272 दिन की उम्र में ये कारनामा किया। इस पारी के दौरान उन्होंने 59 गेंद में 150 रन ठोक, लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन पूरा करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वैभव ने एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ा। डिविलियर्स ने 64 गेंद में ये कारमामा किया था।
लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे बड़े स्कोर
टीम | स्कोर | ओवर | विरोधी | साल |
| बिहार | 574/6 | 50 | अरुणाचल प्रदेश | 2025 |
तमिलनाडु | 506/2 | 50 | अरुणाचल प्रदेश | 2022 |
इंग्लैंड | 498/4 | 50 | नीदरलैंड्स | 2022 |
सरे | 496/4 | 50 | ग्लूस्टरशर | 2007 |
इंग्लैंड | 481/6 | 50 | ऑस्ट्रेलिया | 2018 |
मुंबई | 457/4 | 50 | पुडुचेरी | 2021 |
बिहार के कप्तान सकीबुल गनी, ने 28 गेंद में नाबाद 140 रन ठोके। इस पारी में उन्होंने 12 छक्के और 10 चौके मारे। इस दौरान उन्होंने महज 32 गेंद में भारत की तरफ से लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक ठोकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनके अलावा आयुष लोहुरुका (116), और पियूष सिंह (77) ने भी तूफानी पारियां खेलीं। बिहार की ओर से तीन तूफानी शतक लगे। बिहार के बल्लेबाजों ने मिलकर अरुणाचल के गेंदबाजों पर ऐसा दबाव बनाया कि हर ओवर में रन बरसते चले गए।