Sourav Ganguly: सौरव गांगुली पहली बार बने हेड कोच, एशिया कप के बाद संभालेंगे टीम की जिम्मेदारी

Sourav Ganguly coach: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली पहली बार किसी टीम के हेड कोच बने। वो SA20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स टीम के कोच की जिम्मेदारी निभाएंगे।

Updated On 2025-08-24 17:25:00 IST

सौरव गांगुली को दक्षिण अफ्रीका की फ्रेंचाइज़ी प्रिटोरिया कैपिटल्स का नया हेड कोच बनाया गया। 

Sourav Ganguly coach: पूर्व भारतीय कप्तान बीसीसीआई के अध्यक्ष रह चुके सौरव गांगुली अब नई पारी शुरू करने जा रहे। गांगुली को दक्षिण अफ्रीका की फ्रेंचाइज़ी प्रिटोरिया कैपिटल्स का नया हेड कोच बनाया गया है। SA20 लीग का चौथा सीज़न 26 दिसंबर से शुरू होगा और गांगुली पहली बार किसी टीम के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे।

गांगुली, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे। गांगुली पिछले साल से ही JSW स्पोर्ट्स (प्रिटोरिया कैपिटल्स की पेरेंट कंपनी) में क्रिकेट डायरेक्टर का रोल निभा रहे थे। अब कोच की ज़िम्मेदारी संभालते हुए उनका पहला बड़ा टेस्ट 9 सितंबर को होने वाले ऑक्शन में होगा।

प्रिटोरिया कैपिटल्स का सफर

प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 2023 में खेले गए पहले सीज़न में ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन फाइनल में सनराइजर्स ईस्टर्न केप से हार गई थी। इसके बाद के दो सीज़न (2023-24 और 2024-25) टीम का प्रदर्शन फीका रहा और दोनों बार 5वें स्थान पर रहकर प्लेऑफ से बाहर हो गई। ऐसे में गांगुली से टीम को नए जोश और रणनीति की उम्मीद है।

गांगुली बीसीसीआई अध्यक्ष रह चुके

गांगुली का यह पहला कोचिंग असाइनमेंट होगा। हालांकि, वे 2015 से 2019 तक क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा, 2019 में वे दिल्ली कैपिटल्स से बतौर मेंटर जुड़े थे लेकिन जल्द ही बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें यह भूमिका छोड़नी पड़ी थी।

JSW स्पोर्ट्स के क्रिकेट निदेशक बनने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि गांगुली किसी फ्रेंचाइज़ी की कमान जल्द ही संभाल सकते हैं। अब प्रिटोरिया कैपिटल्स के साथ उनका कोचिंग करियर औपचारिक तौर पर शुरू हो जाएगा।

गांगुली की कप्तानी और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए टीम और फैंस को भरोसा है कि वे प्रिटोरिया कैपिटल्स को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उनकी रणनीति, ऑक्शन में सेलेक्शन और खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता टीम की किस्मत बदल सकती है।

Tags:    

Similar News