MLC 2025: निकोलस पूरन पर भारी पड़ी साथी की पारी, आखिरी गेंद पर छक्का मार टीम को दिलाई जीत, सबसे बड़ा रन चेज हुआ
seattle orcas vs mi new York:शिमरोन हेटमायर ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर मेजर लीग क्रिकेट में सिएटल ऑर्कस को सीजन की पहली जीत दिलाई। निकोलस पूरण (108) और तजिंदर सिंह (95) की तूफानी पारियां भी MINY को जीत नहीं दिला सकीं।
shimron hetmyer mlc 2025
seattle orcas vs mi new York: अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में शुक्रवार रात रोमांच अपने चरम पर था। 475 रन बने, 31 छक्के लगे, और फैसला हुआ आखिरी गेंद पर- जब शिमरोन हेटमायर ने घुटने पर बैठकर छक्का जड़ दिया। सिएटल ऑर्कस को एमआई न्यूयॉर्क (MINY) के खिलाफ जीत के लिए आखिरी 6 गेंदों में नौ रन चाहिए थे। कायरोन पोलार्ड ने लगातार तीन डॉट गेंदें डालकर पलड़ा अपनी टीम की ओर झुका दिया। लेकिन आखिरी गेंद पर हेटमायर ने ऑफ स्टंप पर फुल गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से उड़ाते हुए जीत दिला दी।
इस जीत के साथ ऑर्कस ने दोहरी खुशी मनाई। यह सीजन की उनकी पहली जीत थी और साथ ही MLC इतिहास का सबसे बड़ा सफल रनचेज भी हो गया। ऑर्कस का सफर आसान नहीं था। पहले पांच मैच हारने के बाद उन्होंने कोच मैथ्यू मोट को हटाया और कप्तान हेनरिक क्लासेन की जगह सिकंदर रजा को जिम्मेदारी सौंपी।
MINY ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 237 रन बनाए। निकोलस पूरण ने सिर्फ 60 गेंदों में 108 रन ठोके और उनके साथ तजिंदर सिंह ने सिर्फ 35 गेंदों में 95 रन की तूफानी पारी खेली। तजिंदर ने 8 चौके और 8 छक्के जड़े, उनका स्ट्राइक रेट 271.42 रहा। एक समय ऐसा लग रहा था कि ऑर्कस की हार तय है। लेकिन नए कप्तान रजा ने आते ही नौ गेंदों में 30 रन ठोक दिए। फिर क्लासेन ने 13 गेंदों में 26 रन जोड़े। ऑर्कस ने आठ ओवर में ही 100 रन बना लिए थे। मगर जैसे ही विकेट गिरने लगे, रनचेज मुश्किल हो गया। फिर आए हेटमायर। ग्रोइन में खिंचाव के बावजूद उन्होंने 16वें ओवर में डेलानो पोटगिटर को 18 रन ठोके। अंतिम दो ओवर में रनों की रफ्तार धीमी हो गई, 12 गेंदों में 32 रन चाहिए थे।
19वें ओवर में हेटमायर ने एहसान अदिल की गेंदों पर तीन छक्के लगाए। अब 6 गेंदों में नौ चाहिए थे। पोलार्ड ने पहले दो गेंदों पर कोई रन नहीं दिया। तीसरी और चौथी गेंद पर एक-एक रन। पांचवीं पर दो रन। आखिरी गेंद पर छक्का और खेल खत्म! MINY के लिए सबसे बड़ा झटका अंतिम तीन ओवर रहे, जिसमें सिर्फ 19 रन बने। पूरन की सेंचुरी और तजिंदर का तूफान भी बेकार गया।