Breaking News 21 July 2025: रनवे से फिसला एअर इंडिया का विमान, हिमाचल में लैंडस्लाइड; CM ममता ने कहा - हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं
देश-दुनिया की सोमवार (21 जुलाई) की ताजा खबरों के लिए हमारे लाइव ब्लॉग पर विजिट करें। यहां आपको संक्षेप में लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज़ मिलेंगी। पढ़ें लाइव अपडेट्स-
Today's Breaking News 21 July
Breaking News 21 July 2025 : संसद के मानसून सत्र की शुरुआत होगी। 21 अगस्त तक चलने वाले सेशन में 8 नए और 7 पेंडिंग बिल पेश होंगे। सेशन शुरू होने से पहले PM मोदी मीडिया को ब्रीफ करेंगे। सावन का दूसरा सोमवार 21 जुलाई को है। देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारे हैं। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के पट रात 2.30 बजे खोले गए। यूपी के काशी में विश्वनाथ धाम के कपाट भी रात 3 बजे खुल गए। देश में मानसून एक्टिव है। लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने हिमाचल, उत्तराखंड, एमपी, यूपी सहित 10 से ज्यादा राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पाकिस्तान के आर्मी चीफ मुनीर का श्रीलंका दौरे का दूसरा दिन। राष्ट्रपति दिसानायके से करेंगे मुलाकात। इसी तरह देश-दुनिया की सोमवार (21 जुलाई) की ताजा खबरों के लिए हमारे लाइव ब्लॉग पर विजिट करें। यहां आपको संक्षेप में लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज़ मिलेंगी।
Breaking News 21 July 2025 : पढ़ें लाइव अपडेट्स
सोमवार को 200 से ज्यादा सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक ज्ञापन सौंपकर नकदी बरामदगी विवाद में हाईकोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा को हटाने की मांग की। कुल सांसदों में से 63 राज्यसभा से और 145 लोकसभा से हैं।
बांग्लादेश विमान हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए। चीन निर्मित यह F-7 विमान ढाका के उत्तरा इलाके में एक स्कूल और कॉलेज की इमारत से टकरा गया।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। टेलीविजन फुटेज में दुर्घटनास्थल से आग और काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा था, जबकि बचावकर्मी घायलों को अस्पतालों में ले जाने के लिए दौड़ रहे थे।
सोमवार सुबह 9:27 बजे कोच्चि से मुंबई आया एअर इंडिया का AI2744 विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। भारी बारिश के कारण रनवे पर फिसलन थी, जिससे विमान करीब 16-17 मीटर तक रनवे से बाहर चला गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। विमान को पार्किंग तक लाया गया, जहां सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित उतरे। सूत्रों के मुताबिक, पार्किंग तक ले जाते समय विमान के तीन टायर फट गए। मेन रनवे 09/27 को नुकसान पहुंचा है और उसे बंद कर दिया गया है, जबकि वैकल्पिक रनवे 14/32 को ऑपरेशन के लिए शुरू किया गया है। DGCA की टीम जांच के लिए एयरपोर्ट पहुंची है।
CM ममता ने कहा-हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा-हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं, चाहे वह हिंदी हो, गुजराती हो, मराठी हो, राजस्थानी हो। पश्चिम बंगाल के लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाई थी। पश्चिम बंगाल के लोग जो कर सकते हैं, वह कोई और नहीं कर सकता।
हिमाचल में लैंडस्लाइड से पति-पत्नी की मौत
हिमाचल प्रदेश में रविवार रात से भारी बारिश हो रही है। चंबा जिले की चडी पंचायत में पहाड़ी से घर पर बड़ा पत्थर गिरने से नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। इनकी 5 महीने पहले ही शादी हुई थी। आज हिमाचल के 4 जिलों के 9 सब डिवीजन में स्कूलों की आज छुट्टी कर दी गई है।
मुंबई ट्रेन ब्लास्ट के सभी 11 आरोपी बरी
बॉम्बे हाई कोर्ट ने 11 जुलाई 2006 को हुए भयावह मुंबई लोकल ट्रेन धमाकों के मामले में सोमवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। हाई कोर्ट ने मामले में निचली अदालत की ओर से दोषी ठहराए गए 12 में से 11 आरोपियों को सभी आरोपों से बरी कर दिया है। एक आरोपी की अपील प्रक्रिया के दौरान मृत्यु हो गई थी। यह फैसला 19 साल लंबे कानूनी संघर्ष के बाद आया है।
तिरुपति से हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी
इंडिगो फ्लाइट में रविवार को तकनीकी खराबी आ गई। विमान करीब 40 मिनट तक हवा में ही चक्कर लगाता रहा। इसके बाद वापस तिरुपति आ गया। एयर ट्रैफिक ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, एयरबस A321neo विमान तिरुपति एयरपोर्ट से शाम 7:42 बजे रवाना हुआ और लगभग 8:34 बजे वापस लौट आया। तिरुपति से हैदराबाद के लिए यह दिन की आखिरी शेड्यूल्ड फ्लाइट थी, जिसे रद्द कर दिया गया। इंडिगो की ओर से मामले पर अब तक कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है।
जापान में PM इशिबा की पार्टी ऊपरी सदन में हारी
जापान में प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) और उसके सहयोगी दल ने देश के ऊपरी सदन में अपना बहुमत खो दिया है। हालांकि उन्होंने साफ कर दिया है कि वो प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे। जापानी संसद के उच्च सदन में कुल 248 सीटें हैं। इशिबा के गठबंधन के पास पहले से 75 सीटें थीं। बहुमत बनाए रखने के लिए उन्हें इस चुनाव में कम से कम 50 नई सीटों की जरूरत थी, लेकिन उन्हें केवल 47 सीटें ही मिल पाईं।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में रविवार देर रात 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। ये जमीन में 10 किलोमीटर की गहराई में आया। हालांकि भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की बात सामने नहीं आई है।
रिजिजू बोले-जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग आएगा
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ संसद के इसी मानसून सत्र में महाभियोग प्रस्ताव लाया जाएगा। प्रस्ताव लाने के लिए 100 से ज्यादा सांसदों ने पहले ही एक नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं, जो लोकसभा में महाभियोग प्रस्ताव लाने की जरूरी सीमा से ज्यादा हैं।