संसद का मानसून सत्र 2025: ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा करने को तैयार सरकार, लोकसभा में 16 और राज्यसभा में 9 घंटे होगी बहस

संसद मानसून सत्र 2025 की शुरुआत हंगामेदार रही। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर लोकसभा में 16 और राज्यसभा में 9 घंटे बहस होगी। आयकर संशोधन, डाक व खेल विधेयक समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा तय। सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा।

Updated On 2025-07-22 07:40:00 IST

Parliament Monsoon Session Live

संसद का मानसून सत्र 2025 : संसद का मानसून सत्र सोमवार, 21 जुलाई 2025 से शुरू हो गया है। दोनों सदनों में सबसे पहले पहलगाम हमला और अहमदाबाद प्लेन क्रैश के मृतकों को सदन में श्रद्धांजलि दी गई। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी की।

सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी। इस बीच, सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के लिए सहमति जताई है। लोकसभा में इस मुद्दे पर 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे की चर्चा होगी।

‘भारतीय डाक विधेयक’ और ‘आयकर संशोधन विधेयक’ पर भी होगी चर्चा

बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में मानसून सत्र के लिए विभिन्न विधेयकों और मुद्दों पर चर्चा का समय निर्धारित किया गया। ‘भारतीय डाक विधेयक’ पर लोकसभा में 3 घंटे की चर्चा होगी, जबकि ‘आयकर संशोधन विधेयक’ पर 12 घंटे तक विस्तृत बहस होगी। इसके अलावा, ‘राष्ट्रीय खेल विधेयक’ पर 8 घंटे और ‘मणिपुर बजट’ पर 2 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है।

टीडीपी और भाजपा की चर्चा की मांग

तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने 1975 के आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर चर्चा की मांग की है। वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ की स्थिति पर चर्चा का अनुरोध किया है।

विपक्ष के हंगामे से बाधित हुई कार्यवाही

सत्र के पहले दिन विपक्षी सांसदों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘पहलगाम आतंकी हमले’ पर चर्चा की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। इसके चलते लोकसभा स्पीकर को कार्यवाही पहले 12 बजे और फिर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है।

32 दिन तक चलेगा मानसून सत्र

मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त 2025 तक चलेगा। इस दौरान 32 दिन में 21 बैठकें होंगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए दोनों सदन 12 अगस्त से 17 अगस्त तक स्थगित रहेंगे, और 18 अगस्त से सत्र फिर शुरू होगा।

संसद मानसून सत्र में पेश होने वाले नए बिल 

  • मणिपुर GST संशोधन बिल, 2025
  • टैक्सेशन लॉ संशोधन बिल, 2025
  • जन विश्वास संशोधन बिल, 2025 
  • भारतीय प्रबंधन संस्थान संशोधन बिल, 2025
  • नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेस बिल, 2025
  • नेशनल एंटी-डोपिंग संशोधन बिल, 2025
  • भू-विरासत स्थल और भू-अवशेष (संरक्षण और रखरखाव ) बिल, 2025
  • खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन बिल, 2025

लंबित बिल

  • इनकम टैक्स बिल, 2025
  • इंडियन पोर्ट्स बिल, 2025
  • मर्चेंट शिपिंग बिल, 2024
  • कोस्टल शिपिंग बिल, 2024
  • समुद्र माल परिवहन बिल, 2024
  • बिल ऑफ लैडिंग बिल, 2024
  • गोवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का पुनर्समायोजन बिल 2024 

जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग 
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ संसद के इसी मानसून सत्र में महाभियोग प्रस्ताव लाया जाएगा। प्रस्ताव लाने के लिए 100 से ज्यादा सांसदों ने पहले ही एक नोटिस पर हस्ताक्षर किए हैं, जो लोकसभा में महाभियोग प्रस्ताव लाने की जरूरी सीमा से ज्यादा हैं।

Live Updates
2025-07-21 16:54 IST

संसद मानसून सत्र 2025: पहले दिन हंगामा, 'ऑपरेशन सिंदूर' पर 25 घंटे बहस तय

संसद का मानसून सत्र सोमवार, 21 जुलाई से शुरू हो गया है। पहले ही दिन लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी। मुख्य मुद्दा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और पहलगाम आतंकी हमला रहा, जिस पर विपक्ष ने चर्चा की जोरदार मांग की।

प्रमुख बिंदु

  • ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर लोकसभा में 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे चर्चा को मंजूरी।
  • ‘भारतीय डाक विधेयक’ पर लोकसभा में 3 घंटे चर्चा का समय तय।
  • ‘आयकर संशोधन विधेयक’ पर 12 घंटे, ‘राष्ट्रीय खेल विधेयक’ पर 8 घंटे, और ‘मणिपुर बजट’ पर 2 घंटे चर्चा की व्यवस्था।
  • टीडीपी ने आपातकाल (1975) की 50वीं वर्षगांठ पर चर्चा की मांग की।
  • भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में बारिश व बाढ़ की स्थिति पर चर्चा का मुद्दा उठाया।

विपक्ष का विरोध

पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के कारण 12 बजे और फिर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें, बतौर विपक्ष के नेता, सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा।

सत्र की अवधि

  • मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त 2025 तक चलेगा।
  • कुल 32 दिनों में 21 बैठकें होंगी।
  • स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर 12 से 17 अगस्त तक संसद स्थगित रहेगी।
  • 18 अगस्त से पुनः सत्र की शुरुआत होगी।

यह सत्र कई महत्वपूर्ण विधेयकों और राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

2025-07-21 14:12 IST

कार्यवाही शाम 4 बजे तक स्थगित
कार्यवाही दो बजे फिर शुरू हुई। विपक्षी सदस्य वेल में गए और नारेबाजी करने लगे। आसन की ओर से सदन चलने देने की अपील के बावजूद विपक्षी सदस्य अपनी चेयर पर नहीं गए। तब आसन की ओर से कार्यवाही शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी गई। 


2025-07-21 14:10 IST

विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया है। विपक्ष के सांसद पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करते हुए हंगामा कर रहे हैं।

2025-07-21 12:34 IST

विपक्ष के नेता को बोलने की अनुमति नहीं 
दोपहर 12 बजे कार्यवाही फिर शुरू हुई। विपक्षी सदस्यों ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर फिर नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी के बीच लोकसभा 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित होने के बाद विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा-सवाल यह है कि रक्षा मंत्री को सदन में बोलने की अनुमति है, लेकिन विपक्ष के सदस्यों, जिनमें मैं भी शामिल हूं, जो विपक्ष का नेता हूं को बोलने की अनुमति नहीं है। यह एक नया दृष्टिकोण है। परंपरा कहती है कि अगर सरकार की ओर से लोग बोल सकते हैं, तो हमें भी बोलने की जगह दी जानी चाहिए।


2025-07-21 11:50 IST

राष्ट्रपति ट्रंप ने 24 बार कहा-मेरे हस्तक्षेप से युद्ध समाप्त हुआ
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पहलगाम हमला 22 अप्रैल को हुआ। अब तक आतंकी पकड़े नहीं गए, मारे भी नहीं गए। इनके ही एलजी ने माना कि इंटेलिजेंस फेल्योर है। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने 24 बार यह कहा कि मेरे हस्तक्षेप से युद्ध समाप्त हुआ। ये देश के लिए अपमानजनक है। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की डिमांड पर नेता सदन जेपी नड्डा ने कहा कि यह संदेश नहीं जाना चाहिए कि सरकार ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा नहीं चाहती। सरकार इस पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि हमने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में समय आवंटित करने के लिए प्रस्ताव रखा है। हम पूरी तरह से हर बिंदु पर चर्चा के लिए तैयार हैं। 

2025-07-21 11:32 IST

आप यहां नारे लगाने नहीं आए हैं 
अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर जवाब देना चाहती है। सदन चलना चाहिए। आप यहां नारे लगाने नहीं आए हैं। सदन नियमों और विनियमों के अनुसार चलता है। नियमों के अनुसार उठाए गए सभी मुद्दों पर चर्चा होगी।


2025-07-21 11:25 IST

कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष ने हंगामा कर दिया। लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य वेल में आ गए और ऑपरेशन सिंदूर के साथ ही बिहार में वोटर लिस्ट के गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष के हंगामे के कारण स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी है।

2025-07-21 11:15 IST

हमारे सांसदों ने पाकिस्तान को बेनकाब किया 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-पहलगाम में हुए क्रूर अत्याचार और नरसंहार ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। दलगत स्वार्थों को दरकिनार करते हुए, देशहित में, हमारी अधिकांश पार्टियों के प्रतिनिधियों ने दुनिया के कई देशों में जाकर एक स्वर में दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करने का एक बेहद सफल अभियान चलाया। मैं उन सभी सांसदों, सभी दलों की सराहना करना चाहता हूं, जिन्होंने राष्ट्रहित में इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम दिया है और इससे देश में एक सकारात्मक माहौल बना है।



2025-07-21 11:13 IST

पीएम मोदी ने भारतीय सेना की तारीफ करते हुए कहा, 'सुरक्षाबलों ने दुश्मन के घर में घुसकर 22 मिनट में आतंकी ठिकानों को नेस्तेनाबूद कर दिया। पूरी दुनिया हमारे सशस्त्र बलों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले भारत में निर्मित उपकरणों से प्रभावित है।'

2025-07-21 11:07 IST

पीएम मोदी ने कहा, 'पूरी दुनिया ने हमारे सशस्त्र बलों की ताकत देखी है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, हमारे सशस्त्र बलों ने दुश्मन की सीमा में घुसकर 100% सफलता हासिल की है, और इसकी घोषणा मैंने बिहार की एक रैली में की थी।'

Tags:    

Similar News