रेवंत रेड्डी का बड़ा फैसला: तेलंगाना सरकार ने अडाणी गुप के 100 करोड़ का डोनेशन ठुकराया, कही ये बात

तेलंगाना सरकार ने अडाणी ग्रुप के 100 करोड़ के डोनेशन को ठुकरा दिया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा हाल के दिनों में अडाणी पर अमेरिका में लगे आरोपों पर यह फैसला लिया। डोनेशन यंग इंडिया स्किल यूनिवर्सिटी के लिए दिया जाना था।

Updated On 2024-11-26 09:30:00 IST
Telangana Govt Refused Adani Donation

Telangana Government Refused Adani Donation: तेलंगाना सरकार ने अडाणी ग्रुप के 100 करोड़ रुपए के डोनेशन को ठुकरा दिया है। यह राशि यंग इंडिया स्किल यूनिवर्सिटी (Young India Skill University) के निर्माण के लिए दी जा रही थी। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि अडाणी ग्रुप के मौजूदा विवादों की वजह से यह कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, "इस डोनेशन से मेरी और राज्य सरकार की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।" सरकार ने इस संबंध में अडाणी ग्रुप को आधिकारिक चिट्ठी भी भेजी है।

अडाणी पर गंभीर आरोप, तेलंगाना ने बनाई दूरी
अडाणी ग्रुप पर अमेरिका में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में दायर मामले में अडाणी और उनके भतीजे सागर अडाणी समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन पर 2200 करोड़ रुपए की रिश्वत देकर सोलर प्रोजेक्ट्स हासिल करने का आरोप है। तेलंगाना सरकार ने इसी वजह से अडाणी के साथ जुड़ने से इंकार किया है।

अडाणी ग्रुप को भेजी गई आधिकारिक चिट्ठी
तेलंगाना सरकार के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन ने अडाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अडाणी को चिट्ठी लिखी। इसमें सरकार ने स्पष्ट किया कि यूनिवर्सिटी के लिए यह फंड स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यूनिवर्सिटी के लिए कई कंपनियों ने फंडिंग की पेशकश की है, लेकिन राज्य सरकार ने अभी तक किसी से फंड नहीं लिया है।

ये भी पढें: अडाणी ग्रुप की मुश्किलें बढ़ीं: अब बांग्लादेश करेगा बिजली डील की जांच, गाेड्डा पावर प्रोजेक्ट सवालों के घेरे में

राहुल गांधी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप
इस मामले के बीच राहुल गांधी ने अडाणी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अडाणी को बचा रहे हैं। राहुल ने 2200 करोड़ रुपए की रिश्वत के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में अडाणी पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद जमानत पर हैं और प्रधानमंत्री की छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

ये भी पढें: सर्जिकल स्ट्राइक हुआ भी या नहीं, भगवान जाने: CM रेवंत रेड्डी ने सेना के शौर्य पर उठाए सवाल, कहा- मोदी के लिए सबकुछ राजनीति

अडाणी की नेटवर्थ को भी झटका
इन विवादों का असर अडाणी ग्रुप के शेयर्स पर भी पड़ा। 21 नवंबर को अडाणी ग्रुप के शेयर्स में भारी गिरावट आई। उनकी नेटवर्थ एक दिन में 1.02 लाख करोड़ रुपए घट गई। अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 23.44% गिरा, जबकि अडाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 18.95% नीचे आ गया।

Similar News