प्रधानमंत्री मोदी के विमान में तकनीकी खराबी: देवघर एयरपोर्ट पर करना पड़ा इंतजार, रिटर्न फ्लाइट में देरी

PM Modi in Deoghar: झारखंड के देवघर से पीएम मोदी की वापसी में देरी, विमान में तकनीकी खराबी के कारण देरी। राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर एटीसी क्लीयरेंस के लिए गोड्डा में उतरा।

Updated On 2024-11-15 19:42:00 IST
PM Modi plane

PM Modi in Deoghar: झारखंड के देवघर में शुक्रवार(15 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली वापसी में अप्रत्याशित देरी हुई, क्योंकि उनके विमान में तकनीकी खामी आ गई। सूत्रों के अनुसार, विमान को तकनीकी खराबी दूर होने तक देवघर एयरपोर्ट पर ही रुकना पड़ा। यह घटना तब हुई जब पीएम मोदी ने राज्य में अपने कार्यक्रम पूरे कर लौटने की तैयारी की।  

करीब एक घंटे करना पड़ा इंतजार
एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री पिछले एक घंटे से अधिक समय से देवघर हवाई अड्डे पर हैं। दिल्ली लौटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा हो रही है। इस दौरान क्षेत्र के हवाई क्षेत्र में "नो फ्लाइंग ज़ोन" घोषित कर दिया गया।

राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर भी हुआ लेट 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी शुक्रवार को अप्रत्याशित देरी का सामना करना पड़ा। उनका हेलीकॉप्टर झारखंड के गोड्डा में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से अनुमति का इंतजार कर रहा था। करीब 45 मिनट की देरी के बाद राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की इजाजत दी गई। कांग्रेस ने इस देरी को साजिश करार दिया, जिसका मकसद गांधी के चुनावी कार्यक्रमों में रुकावट डालना था।  

चुनावी रैलियों और जनजातीय गौरव दिवस का जिक्र  
पीएम मोदी ने शुक्रवार को जनजातीय नेता बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर दो रैलियों को संबोधित किया। इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसके अलावा, विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को होगी और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

कौन-सा विमान इस्तेमाल करते है प्रधानमंत्री मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आधिकारिक यात्राओं के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए विमान 'एयर इंडिया वन' का उपयोग किया जाता है। यह विमान अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस है और इसे विशेष रूप से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति की यात्राओं के लिए डिज़ाइन किया गया है।

'एयर इंडिया वन' विमान बोइंग 777-300ER मॉडल पर आधारित है, जिसे अमेरिकी कंपनी बोइंग ने निर्मित किया है। 

Similar News