Goldy Brar Murder: जिंदा है गोल्डी बरार...फिर मारा कौन गया? अमेरिकी पुलिस ने मृतक और सस्पेक्ट का फोटो किया जारी

Goldy Brar Murder: गोलीबारी में मारे गए शख्स की पहचान 37 साल के जेवियर गैल्डनी के तौर पर हुई है। एक अन्य शख्स भी घायल है। वह अस्पताल में है। उसका इलाज चल रहा है।

Updated On 2024-05-02 10:11:00 IST
Goldy Brar Death News

Goldy Brar Murder: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मुख्य आरोपी और गैंगस्टर गोल्डी बरार जिंदा है। बुधवार, 1 मई को उसकी कैलिफोर्निया में गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर आई थी। अब कैलिफोर्निया की फ्रेस्नो पुलिस विभाग ने इसका खंडन किया है। तो ऐसे में सवाल उठता है कि मारा गया शख्स कौन था? इसका जवाब खुद फ्रेस्नो पुलिस ने दिया है। 

पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में मारे गए शख्स की पहचान 37 साल के जेवियर गैल्डनी के तौर पर हुई है। एक अन्य शख्स भी घायल है। वह अस्पताल में है। उसका इलाज चल रहा है। अमेरिकी पुलिस ने गोलीबारी करने वाले सस्पेक्ट की फोटो भी जारी की है। 

गोलीबारी का वीडियो भी सामने आया
दरअसल, एक मई, बुधवार को कैलिफोर्निया के फ्रेस्नो में फेयरमोंट और होल्ट एवेन्यू में झगड़े के बाद दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इस दौरान एक शख्स की गोली लगने से मौत हो गई। गोलीबारी का वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद अफवाह उड़ी कि गोलीबारी में मरने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि गोल्डी बरार है। बाद में अमेरिकी पुलिस ने गोल्डी बरार की हत्या से इंकार किया। 

गोलीबारी का शिकार गोल्डी बरार नहीं
फ्रेस्नो पुलिस विभाग ने कहा है कि गोल्डी बरार की हत्या वाली खबर झूठी है। लेफ्टिनेंट विलियम जे. डूले ने पुष्टि की है कि गोलीबारी का शिकार गोल्डी बरार नहीं है। लेफ्टिनेंट ने कहा कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन समाचार एजेंसियों पर फैलाई जा रही गलत सूचना के कारण हमसे दुनियाभर से सवाल पूछे जा रहे हैं। हमें पता नहीं है कि यह अफवाह किसने शुरू की, लेकिन इसने जोर पकड़ लिया और जंगल की आग की तरह फैल गई।

अमेरिकी पुलिस ने सस्पेक्ट और मृतक की फोटो जारी की।

भारत ने घोषित किया था आतंकी
गोल्डी बरार का पूरा नाम सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार है। वह सिंगर मूसेवाला की हत्या में मुख्य आरोपी है। उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत आतंकवादी नामित किया गया था। उसके खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। उसके खिलाफ पहले से ही एक गैर-जमानती वारंट भी जारी है।

मूसेवाला की हत्या की ली थी जिम्मेदारी
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का एक प्रमुख सदस्य गोल्डी बरार तब सुर्खियों में आया, जब उसने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से पंजाबी गायक सिद्धू मूस वाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। 29 मई, 2022 को पंजाब के मनसा जिले में उनके गांव के पास सिद्धू मूस वाला की उनकी कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यहां पढ़िए पूरी खबर

Similar News