Congress Candidates new List: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की नई लिस्ट, अमेठी और रायबरेली को लेकर सस्पेंस बरकरार

Congress Candidates List: कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने कैंडिडेट्स की नई लिस्ट जारी कर दी। हालांकि, पार्टी ने अमेठी और रायबरेली सीट को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। नई सूची में चार उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

Updated On 2024-05-01 00:05:00 IST
Congress Candidates new List: कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने कैंडिडेट्स की नई लिस्ट जारी कर दी।

Congress Candidates List: लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए अब सिर्फ तीन दिन बचे हैं। इस बीच कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने कैंडिडेट्स की नई लिस्ट जारी कर दी। हालांकि, पार्टी ने अमेठी और रायबरेली सीट को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। इन दोनों सीटों के लिए कैंडिडेट्स का ऐलान नहीं किया गया है। नई सूची में चार उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इनमें हरियाणा और महाराष्ट्र की एक-एक सीटें और हिमाचल प्रदेश की दो सीटों के उम्मीदवारों का नाम शामिल किया है।

कांग्रेस ने गुड़गांव लोकसभा सीट से अभिनेता से नेता बने राज बब्बर और हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। राज बब्बर भाजपा के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। राज बब्बर की उम्मीदवारी की घोषणा के साथ, कांग्रेस ने हरियाणा से अपने सभी नौ उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। वहीं, दसवीं लोकसभा सीट पर सीट शेयरिंग समझौते के तहत आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

आनंद शर्मा को कांगड़ा से टिकट
आनंद शर्मा को कांगड़ा से टिकट दिया गया है। शर्मा का मुकाबला कांगड़ा केंद्रीय सहकारी (केसीसी) बैंक के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी के कैंडिडेट राजीव भारद्वाज से होगा। पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। सतपाल का मुकाबला केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से होगा। बता दें कि अनुराग ठाकुर इस सीट से चार बार लोकसभा चुनाव जीत चुके है। इस सीट से अनुराग ठाकुर के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी सांसद रह चुके हैं। 

मुंबई नॉर्थ सीट से भूषण पाटिल को मौका
कांग्रेस ने महाराष्ट्र  की मुंबई नार्थ सीट से भूषण पाटिल को खड़ा किया है। भूषण पाटिल का सीधा मुकाबला भाजपा के कैंडिडेट और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से होगा।महाराष्ट्र में, चुनावी लड़ाई कांग्रेस-एनसीपी (शरद पवार गुट)-शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और बीजेपी-एनसीपी (अजित पवार गुट)-शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के बीच है। लंबे समय से इस बात का इंतजार था कि इंडी गठबंधन की ओर से कौन सी पार्टी का कैंडिडेट पीयूष गोयल के खिलाफ मैदान में उतारा जाएगा।

अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
इस लिस्ट में अमेठी और रायबरेली जैसी हाई-प्रोफाइल सीट के कैंडिडेट का ऐलान नहीं किया गया है। इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर थी कि आखिरकार कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी के लिए नाम तय कर लिए हैं। इस बीच, कांग्रेस की अमेठी इकाई ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। अमेठी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की थी जितनी जल्दी हो सके इस सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया जाए। साथ ही इस सीट  से "गांधी परिवार" के किसी सदस्य को टिकट देने की मांग की। हालांकि, ऐसा लगता है कि पार्टी ने फिलहाल इस सीट से कैंडिडेट उतारने का निर्णय फिलहाल टाल दिया गया है।

राहुल गांधी को अमेठी से उम्मीदवार बनाने की अटकलें
अटकलें लगाई जा रही हैं कि पार्टी पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को फिर से अमेठी से मैदान में उतारेगी। ऐसी चर्चा की थी राहुल गांधी केरल के वायनाड और अमेठी दोनों से सीटों से चुनाव लड़ेंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी राहुल गांधी ने दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था। जहां केरल की वायनाड सीट से राहुल गांधी को जीत मिली थी, वहीं अमेठी सीट से वह बीजेपी की कैंडिडेट स्मृति ईरानी से हार गए थे। 

क्या प्रियंका गांधी को रायबरेली से मैदान में उतारेगी कांग्रेस?
इसी तरह यह चर्चा है कि रायबरेली सीट से कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी को वाड्रा को टिकट दे सकती है। बता दें कि रायबरेली कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। साल 2004 तक यह सीट कांग्रेस सुप्रीमाे सोनिया गांधी के पास थी। ऐसा कहा जा रहा था कि प्रियंका गांधी को अगर रायबरेली से टिकट दिया जाता है तो पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढेगा। अगर ऐसा होता है तो यह कदम रणनीतिक भी होगा क्योंकि उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से रायबरेली एकमात्र सीट है जिसे कांग्रेस ने 2019 में जीता था।

Similar News