Election Results: महाराष्ट्र के चुनाव नतीजे आज आएंगे, CM के लिए महायुति और MVA में किसने ठोका दावा?

Election Results 2024: महाराष्ट्र चुनाव के आधिकारिक नतीजे आने से पहले शुक्रवार को सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान शुरू हो गई।

Updated On 2024-11-23 00:16:00 IST
महाराष्ट्र में किसकी बनेगी सरकार? Satta Bazar का चौंकाने वाला सर्वे।

Election Results 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे शनिवार (23 नवंबर) को जारी होंगे। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। अनुमान है कि दोपहर तक यह साफ हो जाएगा कि दोनों राज्यों में किसकी सरकार बनेगी। एग्जिट पोल्स में महाराष्ट्र (Maharashtra Election) में महायुति (NDA) सरकार की वापसी के संकेत मिले हैं।

उधर, आधिकारिक चुनाव परिणाम आने से पहले शुक्रवार को सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। दोनों गठबंधनों के घटक दलों ने अपनी जीत की बात कही है और मुख्यमंत्री पद के लिए अपना-अपना दावा ठोका है। 

MVA में मुख्यमंत्री को लेकर तकरार
बुधवार (20 नवंबर) को वोटिंग खत्म होने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेतृत्व में MVA की सरकार बनेगी। उनका दावा है कि वोटिंग ट्रेंड्स के अनुसार, कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटें मिलेंगी। लेकिन उनके इस बयान से महाविकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत नाखुश दिखे। राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री पद का फैसला सभी गठबंधन दल मिलकर करेंगे, जब MVA को बहुमत मिलेगा।

ये भी पढ़ें... एग्जिट पोल के साथ फलौदी सट्टा बाजार की भविष्यवाणी, जानिए महाराष्ट्र में किसकी बनेगी सरकार?

सत्तारूढ़ महायुति में CM पर असहमति
उधर, शिवसेना (शिंदे) विधायक और प्रवक्ता संजय शिरसाट ने कहा है कि महाराष्ट्र में चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के चेहरे पर लड़ा गया था। दूसरी तरफ, बीजेपी नेता प्रवीण दरेकर ने डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद के लिए उपयुक्त बताया। दूसरी ओर, महायुति के तीसरे दल NCP (अजित गुट) की ओर से भी मुख्यमंत्री पद के लिए दावा सामने आया है। डिप्टी सीएम अजित पवार के गढ़ बारामती में उन्हें सीएम बनाए जाने के होर्डिंग्स देखे गए हैं।  

कांग्रेस का दावा: BJP को ‘हकीकत का आइना’ दिखेगा
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को एग्जिट पोल्स को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें महाराष्ट्र और झारखंड में INDIA गठबंधन की जीत का भरोसा है। कुछ एग्जिट पोल्स में महायुति को बढ़त दी गई है, जबकि कुछ ने MVA की आसान जीत का अनुमान लगाया है। पायलट ने आगे कहा कि इन चुनाव परिणामों से बीजेपी और एनडीए को हकीकत का आइना देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें... महाराष्ट्र के 7 एग्जिट पोल में महायुति (NDA) को बहुमत, 2 सर्वे में MVA को बढ़त

महाराष्ट्र में गठबंधन का गणित

  • महायुति: बीजेपी 149, शिवसेना 81 और अजित पवार गुट की एनसीपी ने 59 सीटों पर चुनाव लड़ा है।
  • MVA: कांग्रेस 101, शिवसेना (UBT) 95 और शरद पवार गुट की एनसीपी 86 सीटों पर मैदान में उतरी।

चुनाव परिणाम कहां देख पाएंगे?
महाराष्ट्र के नतीजे लाइव देखने के लिए कई विकल्प उपलब्ध हैं। आप चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (ECI) पर जाकर रिजल्ट देख सकते हैं। इसके साथ inh24x7 समेत प्रमुख न्यूज चैनल्स और न्यूज वेबसाइट्स Haribhoomi.com पर चुनाव परिणाम से जुड़े विस्तृत ब्लॉग और रियल-टाइम अपडेट्स मिलेंगे। 

Similar News