La. Ganesan passed away: नागालैंड के राज्यपाल एल गणेशन का 80 वर्ष की उम्र में निधन, जानें कौन थे

नागालैंड के राज्यपाल और तमिलनाडु के वरिष्ठ बीजेपी नेता एल गणेशन का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय तक आरएसएस से जुड़े रहे और मणिपुर व पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रह चुके थे।

Updated On 2025-08-15 23:01:00 IST

La Ganesan (फाइल फोटो)

Nagaland Governor La Ganesan passed away: नागालैंड के राज्यपाल और तमिलनाडु के वरिष्ठ भाजपा नेता एल गणेशन ( La. Ganesan) का शुक्रवार (15 अगस्त, 2025) को निधन हो गया। वे 80 वर्ष थे। 8 अगस्त को चेन्नई स्थित उनके आवास पर गिरने से उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। ICU में कई दिनों तक इलाज के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।

कौन थे गणेशन?

गणेशन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अनुभवी कार्यकर्ता थे। वे 20 फरवरी 2023 से नागालैंड के 19वें राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले 27 अगस्त 2021 से 19 फरवरी 2023 तक वे मणिपुर के 17वें राज्यपाल रहे। इसके अलावा, उन्होंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार 18 जुलाई 2022 से 17 नवंबर 2022 तक संभाला।

गणेशन मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद भी रह चुके थे और संगठनात्मक कार्यों में उनका गहरा योगदान रहा।

जीवन परिचय

गणेशन का जन्म 16 फरवरी 1945 को तमिलनाडु के एक तमिल ब्राह्मण परिवार में इलक्कुमिराकवन और अलमेलु के घर हुआ। बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया, जिसके बाद उन्होंने अपने भाई के साथ रहते हुए शिक्षा पूरी की। बाद में उन्होंने RSS से जुड़ गए थे और पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में जनसेवा में लग गए।

गणेशन को एक ईमानदार, सादगीपूर्ण और संगठन के प्रति समर्पित नेता के रूप में जाना जाता था। उनकी राजनीतिक यात्रा ने न केवल तमिलनाडु बीजेपी बल्कि पूर्वोत्तर राज्यों की राजनीति में भी अहम योगदान दिया।

Tags:    

Similar News