Weather Update: जम्मू-कश्मीर में बादल फटे, MP-UP में बाढ़, हिमाचल में हाइवे जाम; जानें देशभर का मौसम अपडेट
जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से घर ढहे, मध्यप्रदेश-यूपी में बाढ़, मुंबई में रेड अलर्ट और हिमाचल में भूस्खलन से तबाही। पढ़ें देशभर के मानसून अपडेट।
jammu-kashmir cold brust
Weather Update : जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड समेत भारत के कुछ राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। जम्मू-कश्मीर में कठुआ जिले के मथरे चक गांव में रविवार सुबह बादल फटने से कई घरों को भारी नुकसान हुआ। जोध गांव में तेज बारिश से मकान ढह गए। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भू-स्खलन से नेशनल हाइवे बाधित है।
जम्मू-कश्मीर में 17-19 अगस्त तक तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने जम्मू, उधमपुर, पुंछ, सांबा, कठुआ, किश्तवाड़ और राजौरी समेत 11 जिलों में भूस्खलन और बादल फटने की चेतावनी जारी की है।
मध्यप्रदेश में नदियां उफान पर
मध्यप्रदेश में मौसम विभाग ने धार-बड़वानी समेत 14 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। बड़वानी जिले के राजपुर में नदी-नाले उफान पर हैं। नदी में बाढ़ के चलते नगर पालिका उपाध्यक्ष की कार बह गई। एमपी में सामान्य 939.8 मिमी बारिश होती है, लेकिन अब तक 787.4 मिमी (84%) बारिश दर्ज की जा चुकी है।
उत्तर प्रदेश में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश से गंगा नदी का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। राज्य के 20 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। फतेहपुर जिले के 10 से अधिक गांवों में पानी भर गया। पिछले 24 घंटे में यहां केवल 0.8 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 91% कम है। 1 जून से अब तक 516.2 मिमी बारिश, जो सामान्य 488.9 मिमी से 6% अधिक है।
मुंबई और कोंकण में रेड अलर्ट
मुंबई में तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी। शनिवार को विक्रोली में लैंडस्लाइड से 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 2 लोग घायल हो गए। रायगढ़ की अंबा नदी, रत्नागिरी की जगबुडी और कोडवली नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन और बाढ़ से तबाही
मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली हाईवे के पनारसा, टकोली और नागवाईं इलाके में अचानक बाढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित। हिमाचल आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (HPSDMA) के अनुसार, 20 जून से 16 अगस्त तक 261 मौतें दर्ज की गईं हैं। इनमें से 136 मौतें बारिश से जुड़ी घटनाओं (भूस्खलन, बाढ़, बिजली गिरना, मकान ढहना) से हुईं। 125 मौतें सड़क हादसों में दर्ज हुईं।
कठुआ गाँव में बचाव अभियान ज़ोरों पर
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले में बचाव और राहत अभियान चलाने के लिए नागरिक प्रशासन, सेना और अर्धसैनिक बल तुरंत हरकत में आ गए हैं, जहाँ बादल फटने से चार लोगों की मौत हो गई है। कठुआ ज़िले के एक सुदूर गाँव में बादल फटने से चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात राजबाग़ के जोड़ घाटी गाँव में बादल फटने से गाँव तक पहुँचने का रास्ता बंद हो गया और ज़मीन-जायदाद को नुकसान पहुँचा।