Budget Session 2026: संसद में बजट पर आज होगी चर्चा, विपक्ष कर सकता है हंगामा; लोकसभा में बोलेंगे राहुल गांधी

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को लोकसभा में बजट 2026 पेश किए जाने के बाद अब सोमवार को संसद में इस पर आम चर्चा होने जा रही है।

Updated On 2026-02-02 10:01:00 IST

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को लोकसभा में बजट 2026 पेश किए जाने के बाद अब सोमवार को संसद में इस पर आम चर्चा होने जा रही है। यह चर्चा मौजूदा बजट सत्र का अहम हिस्सा मानी जा रही है। इसके बाद अनुदान मांगों पर मंत्रालय-वार बहस और वोटिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।

संसद के गलियारों से मिल रहे संकेतों के अनुसार, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज सदन में बजट पर अपनी बात रख सकते हैं। बजट पेश होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए साफ कहा था कि वह अपनी राय संसद के पटल पर ही रखेंगे।

रविवार को संसद परिसर में मीडिया द्वारा बजट पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा, “मैं कल संसद में अपनी बात रखूंगा।” उस समय उनके साथ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। दोनों नेताओं ने आगे कोई सवाल लिए बिना संसद परिसर छोड़ दिया।

हालांकि, बाद में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बजट को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि बजट देश की वास्तविक समस्याओं को संबोधित करने में विफल रहा है। राहुल गांधी के अनुसार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नहीं हैं, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर कमजोर हो रहा है, निवेशक पूंजी निकाल रहे हैं और आम लोगों की बचत तेजी से घट रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसान संकट में हैं और संभावित वैश्विक आर्थिक झटकों को भी बजट में नजरअंदाज किया गया है। राहुल गांधी ने बजट को “भारत के असली संकटों से अनजान” करार दिया।

आज संसद में होने वाली बहस के दौरान विपक्ष सरकार को इन्हीं मुद्दों पर घेर सकता है। ऐसे में बजट सत्र के दौरान लोकसभा में तीखी बहस और हंगामे के आसार भी जताए जा रहे हैं। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राहुल गांधी अपने भाषण में सरकार के बजट को लेकर क्या बड़े सवाल उठाते हैं।

Tags:    

Similar News