Budget Session Live: डोकलाम पर लोकसभा में हंगामा, राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर लगाया गुमराह करने का आरोप

लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण के दौरान भारी हंगामा हुआ। डोकलाम विवाद पर अप्रकाशित किताब के हवाले को लेकर राजनाथ सिंह, अमित शाह और स्पीकर ने आपत्ति जताई, कार्यवाही दो बार स्थगित।

Updated On 2026-02-02 15:54:00 IST

नई दिल्ली। सोमवार को लोकसभा में उस समय तीखा राजनीतिक टकराव देखने को मिला, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा में बोल रहे थे। राहुल गांधी के भाषण के दौरान बार-बार टोका-टोकी और नारेबाजी हुई, जिससे सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित किताब Four Stars of Destiny का हवाला देते हुए डोकलाम विवाद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक मैगजीन आर्टिकल में प्रकाशित अंशों के मुताबिक डोकलाम के दौरान चार चीनी टैंक भारतीय क्षेत्र में घुस आए थे और भारतीय सैन्य ठिकानों से बेहद करीब पहुंच गए थे। राहुल ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए।

राहुल ने सदन में कहा,

“आप सब ध्यान से सुनिए कि मैं क्या पढ़ रहा हूं, इससे साफ हो जाएगा कि कौन देशभक्त है और कौन नहीं। चार चीनी टैंक डोकलाम में भारत की ज़मीन पर आ रहे थे और वे सिर्फ 100 मीटर दूर थे।”

बस इसी बयान के साथ सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया।

रक्षा मंत्री और स्पीकर ने उठाए सवाल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तुरंत खड़े हो गए और सवाल किया कि जिस किताब का जिक्र किया जा रहा है, क्या वह वास्तव में प्रकाशित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अप्रकाशित सामग्री के आधार पर सदन को गुमराह किया जा रहा है।

इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी से किताब को सदन में रखने और उसके स्रोत को प्रमाणित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अप्रकाशित सामग्री या अखबार की कटिंग पर चर्चा करना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है।

अमित शाह का हस्तक्षेप

गृह मंत्री अमित शाह ने भी बहस में दखल देते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद मान चुके हैं कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है, ऐसे में विवाद यहीं समाप्त हो जाना चाहिए।

राहुल गांधी करीब 46 मिनट तक बोलते रहे

लगातार हंगामे के बीच राहुल गांधी करीब 46 मिनट तक अपनी बात रखने की कोशिश करते रहे, लेकिन भारी विरोध के चलते कार्यवाही स्थगित कर दी गई। बाद में जब सदन दोबारा शुरू हुआ तो केवल नौ मिनट ही चल सका और फिर शाम चार बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

विपक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि चीन से जुड़ा मुद्दा बेहद संवेदनशील है और विपक्ष के नेता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि किताब में प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री से जुड़े संदर्भ हैं और सरकार इसे प्रकाशित नहीं होने दे रही है। वहीं, सरकार पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह सदन के नियमों का उल्लंघन और भ्रम फैलाने की कोशिश है।

देखें बजट सेशन का लाइव वीडियो

Full View

Tags:    

Similar News

अलंकार अग्निहोत्री का केंद्र के खिलाफ 'हल्ला बोल': SC-ST एक्ट को बताया काला कानून, 7 फरवरी को दिल्ली घेरने का ऐलान