अरविंद केजरीवाल का ऐलान: 2027 गोवा विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी AAP, कांग्रेस से नहीं होगा गठबंधन
Arvind Kejriwal on Goa Elections 2027: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने साफ कहा है कि पार्टी 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव कांग्रेस से किसी भी हाल में गठबंधन नहीं करेगी।
Arvind Kejriwal on Goa Elections 2027: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार (4 अक्टूबर, 2025) को ऐलान किया कि उनकी पार्टी 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से किसी भी तरह का गठबंधन नहीं करेगी।
केजरीवाल ने कहा, ''कांग्रेस ने गोवा की जनता को सबसे ज्यादा धोखा दिया है। वह अब भाजपा को विधायकों की थोक सप्लायर बन चुकी है।'' उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस यह भरोसा दिला सकती है कि उसके विधायक अब दोबारा भाजपा में शामिल नहीं होंगे?
कांग्रेस पर किया तीखा प्रहार
आप सुप्रीमो ने कहा, ''2017 से 2019 के बीच कांग्रेस के 13 विधायक भाजपा में चले गए थे, जबकि 2022 में 10 और विधायकों ने पार्टी छोड़ दी।'' केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अगर AAP कांग्रेस के साथ गठबंधन करती है तो यह 'भाजपा को विधायक देने जैसा' होगा।
उन्होंने कहा, ''हम किसी भी ऐसी व्यवस्था का हिस्सा नहीं बनना चाहते जिससे भाजपा की सरकार बनने में मदद मिले।''
'गोवा को चाहिए नई राजनीतिक व्यवस्था'
केजरीवाल ने कहा कि गोवा में 13-14 राजनीतिक परिवारों ने दशकों से शासन किया है — कभी भाजपा के नाम पर, कभी कांग्रेस के नाम पर। अब समय आ गया है कि जनता को एक नया विकल्प दिया जाए। उन्होंने कहा, ''हम गोवा को एक नई राजनीतिक संस्कृति देना चाहते हैं जिसमें जनता खुद तय करेगी कि कौन-से प्रोजेक्ट राज्य के लिए फायदेमंद होंगे।''
जनता के केंद्र में होगी सरकार की नीतियां
AAP नेता ने यह भी कहा कि उनकी सरकार में लोगों को यह अधिकार होगा कि वे तय करें — कौन-से विकास कार्य पहले किए जाएं और राज्य के संसाधनों जैसे भूमि आदि का कैसे उपयोग हो। उन्होंने कहा, “हम जनता को असली ताकत देना चाहते हैं, ताकि गोवा की दिशा और दशा दोनों बदल सकें।”