Rava Upma Recipe: नाश्ते में परोसें टेस्टी और हेल्दी रवा उपमा, 10 मिनट में इस तरह करें तैयार
Rava Upma Recipe: रवा उपमा एक स्वादिष्ट और पोषण से भरा नाश्ता है। इसे तैयार करना भी उतना ही आसान है। जानते हैं इसकी रेसिपी।
रवा उपमा बनाने का तरीका।
Rava Upma Recipe: भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई चाहता है कि नाश्ता झटपट बने, स्वादिष्ट हो और सेहत का भी पूरा ध्यान रखे। ऐसे में रवा उपमा एक परफेक्ट ऑप्शन बनकर सामने आता है, जो कम समय में तैयार हो जाता है और पेट को लंबे समय तक भरा रखता है।
दक्षिण भारत से निकलकर अब रवा उपमा पूरे देश में नाश्ते की थाली की शान बन चुका है। सूजी से बना यह हल्का और पौष्टिक व्यंजन बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है। खास बात यह है कि इसे आप सिर्फ 10 मिनट में आसानी से बना सकते हैं।
रवा उपमा बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप रवा (सूजी)
- 2 टेबलस्पून तेल
- 1 टीस्पून राई
- 1 टीस्पून उड़द दाल
- 8-10 करी पत्ते
- 1 बारीक कटा प्याज
- 1 हरी मिर्च (कटी हुई)
- 1 छोटा गाजर (कद्दूकस किया हुआ)
- 1/4 कप मटर
- नमक स्वादानुसार
- 2 कप पानी
- 1 टेबलस्पून नींबू रस
- हरा धनिया (गार्निश के लिए)
रवा उपमा बनाने का तरीका
रवा उपमा बनाना बहुत आसान है। इसे तैयार करने के लिए एक कढ़ाही में रवा को धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। ध्यान रखें कि रवा जले नहीं। भुनने के बाद इसे एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
अब उसी कढ़ाही में तेल गर्म करें। इसमें राई डालें, राई चटकने लगे तो उड़द दाल और करी पत्ते डालें। इसके बाद प्याज और हरी मिर्च डालकर प्याज के हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें गाजर और मटर डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं। सब्जियां हल्की नरम हो जाएं तो नमक और पानी डालकर उबाल आने दें।
जब पानी उबलने लगे, तब धीरे-धीरे भुना हुआ रवा डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठ न पड़े। 2-3 मिनट में उपमा गाढ़ा होने लगेगा। गैस बंद कर नींबू रस और हरा धनिया मिलाएं।
स्वाद और पोषण से भरा हुआ रवा उपमा तैयार है। गरमागरम रवा उपमा को नारियल की चटनी या सांभर के साथ परोसें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा घी डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।