Rava Upma: नाश्ते को मजेदार बना देगा रवा उपमा, स्वादिष्ट होने के साथ आसानी से पचेगा, सीखें रेसिपी
Rava Upma: रवा उपमा नाश्ते के लिए मिनटों में तैयार होने वाली डिश है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। ये डिश सुपाच्य होने के साथ स्वाद में भी बेहतरीन है।
रवा उपमा बनाने का तरीका।
Rava Upma Recipe: जब टेस्टी और हेल्दी नाश्ते की बात हो तो रवा उपमा का नाम भी इसमें शामिल हो जाता है। रवा उपमा न सिर्फ बनाने में आसानी डिश है, बल्कि ये स्वाद में भी भरपूर होती है। आसानी से पचने वाला रमा उपमा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। साउथ इंडियन किचन की यह क्लासिक डिश आज हर भारतीय घर में पसंद की जाती है।
रवा उपमा की खासियत यह है कि इसमें अपनी पसंद की सब्ज़ियां डालकर इसे और ज्यादा पौष्टिक बनाया जा सकता है। सही तरीके से बनाया गया उपमा न तो चिपचिपा होता है और न ही फीका। आइए जानते हैं घर पर परफेक्ट रवा उपमा बनाने का आसान तरीका।
रवा उपमा बनाने के लिए सामग्री
- सूजी (रवा) - 1 कप
- तेल - 2 बड़े चम्मच
- राई - 1 छोटा चम्मच
- उड़द दाल - 1 छोटा चम्मच
- चना दाल - 1 छोटा चम्मच
- हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी)
- अदरक - 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस)
- प्याज - 1 (बारीक कटा)
- करी पत्ता - 8-10 पत्ते
- गाजर - 1 (बारीक कटी, वैकल्पिक)
- मटर - 1/2 कप (वैकल्पिक)
- पानी - 21/2 कप
- नमक - स्वादानुसार
- नींबू का रस - 1 बड़ा चम्मच
- हरा धनिया - सजाने के लिए
रवा उपमा बनाने का तरीका
रवा उपमा स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी होता है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए एक कड़ाही में सूजी डालकर धीमी आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और सूजी को अलग निकाल लें। यह स्टेप उपमा को खिला-खिला बनाने के लिए बेहद जरूरी है।
उसी कढ़ाही में तेल गरम करें। इसमें राई डालें, राई चटकने लगे तो उड़द दाल और चना दाल डालें। हल्का सुनहरा होने पर करी पत्ता, हरी मिर्च और अदरक डालकर भूनें।
अब प्याज डालकर पारदर्शी होने तक भूनें। इसके बाद गाजर और मटर डालें। 2-3 मिनट तक पकाएं ताकि सब्ज़ियां हल्की नरम हो जाएं। अब कढ़ाही में पानी और नमक डालें। पानी उबलने लगे तो आंच धीमी करें और भुनी हुई सूजी धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें।
कढ़ाही को ढककर 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। जब सारा पानी सूजी सोख ले और उपमा नरम हो जाए, तब गैस बंद कर दें। आखिर में नींबू का रस मिलाएं और ऊपर से हरा धनिया डालें। हल्के हाथ से मिक्स करें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।