Oats Dhokla: हेल्दी नाश्ते के लिए परफेक्ट है ओट्स ढोकला, बनाने का यह तरीका है बेहद आसान

Oats Dhokla Recipe: ओट्स ढोकला एक टेस्टी स्नैक्स रेसिपी है, जिसे काफी पसंद किया जाता है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है।

Updated On 2025-09-20 09:00:00 IST

ओट्स ढोकला बनाने का तरीका।

Oats Dhokla Recipe: टेस्टी और हेल्दी नाश्ते की लिस्ट में ओट्स ढोकला का नाम काफी ऊपर आता है। इस नाश्ते को आसानी से तैयार भी किया जा सकता है। आपने गुजराती ढोकला तो कई बार खाया होगा, लेकिन अगर ओट्स ढोकला को ट्राई नहीं किया है तो इसे एक बार जरूर बताएं। इसका बढ़िया स्वाद और पोषण का कॉम्बो सब पसंद करेंगे।

ओट्स ढोकला एक स्टीम्ड डिश है, जो बिना तेल के तली गई चीज़ों का बेहतरीन विकल्प है। इसे सुबह के नाश्ते में, टिफिन में या शाम की भूख मिटाने के लिए परोसा जा सकता है। आइए जानते हैं ओट्स ढोकला बनाने का तरीका।

ओट्स ढोकला बनाने के लिए सामग्री

  • ओट्स (पिसे हुए) – 1 कप
  • सूजी (रवा) – 1/2 कप
  • दही – 1 कप (फेंटा हुआ)
  • अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट – 1 छोटी चम्मच
  • नींबू का रस – 1 छोटी चम्मच
  • फ्रूट सॉल्ट – 1/2 छोटी चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार
  • पानी – आवश्यकता अनुसार

तड़के के लिए

  • तेल – 1 छोटी चम्मच
  • राई (सरसों दाना) – ½ छोटी चम्मच
  • करी पत्ता – 6-8 पत्ते
  • हरी मिर्च – 2 (लंबाई में कटी हुई)
  • तिल (सफेद) – 1 छोटी चम्मच
  • धनिया पत्ती – सजावट के लिए

ओट्स ढोकला बनाने का तरीका

ओट्स ढोकला एक टेस्टी डिश है जो ब्रेकफास्ट या दिन में स्नैक्स के लिए तैयार की जा सकती है। इसे बनाने के लिए ओट्स को मिक्सर में सूखा पीस लें जब तक कि यह बारीक पाउडर जैसा न हो जाए।

अब एक बाउल में पिसी ओट्स, सूजी, दही, अदरक-हरी मिर्च पेस्ट, नींबू का रस और नमक मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बैटर को मध्यम गाढ़ा बनाएं। इसे 10-15 मिनट तक ढककर रखें ताकि सूजी फूल जाए।

जब बैटर फूल जाए, उसमें फ्रूट सॉल्ट डालें और तुरंत मिलाएं। जैसे ही बैटर फूलने लगे, उसे चिकनाई लगी थाली या मोल्ड में डालें और पहले से गर्म स्टीमर में 15-20 मिनट तक भाप में पकाएं। इसके बाद गैस बंदकर ढोकला ठंडा होने दें और फिर टुकड़ों में काट लें।

अब एक छोटे पैन में तेल गरम करें। उसमें राई, करी पत्ता, हरी मिर्च और तिल डालें। जब तड़का चटकने लगे तो इसे कटे हुए ढोकले के ऊपर डालें। ऊपर से धनिया पत्ती से सजाएं। ओट्स ढोकला को हरी चटनी या टमाटर की मीठी चटनी के साथ गरमा गरम परोसें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News