Misal Pav Recipe: होटल जैसा मिसल पाव घर पर करें तैयार, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
Misal Pav Recipe: फेमस स्ट्रीट फूड मिसल पाव को पसंद करने वालों की कमी नहीं है। आप मार्केट जैसा स्वाद घर पर बनाकर भी हासिल कर सकते हैं।
मिसल पाव बनाने का तरीका।
Misal Pav Recipe: महाराष्ट्र की पहचान माने जाने वाले मिसल पाव का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। तीखा, चटपटा और मसालेदार स्वाद मिसल पाव को खास बनाता है। होटल में मिलने वाली मिसल की खुशबू और स्वाद लोगों को इतना पसंद आता है कि घर पर वैसा ही बनाने की चाह हर किसी के मन में होती है।
अच्छी बात यह है कि थोड़ी सी सही तैयारी और मसालों के सही संतुलन से आप होटल जैसी मिसल पाव घर पर आसानी से बना सकते हैं। यह डिश नाश्ते से लेकर लंच या हल्के डिनर तक के लिए परफेक्ट रहती है और पाव के साथ इसका स्वाद दोगुना हो जाता है।
मिसल पाव बनाने के लिए सामग्री
मिसल के लिए
- उबले हुए मटकी या मूंग - 1 कप
- उबले आलू - 1 मध्यम (कटे हुए)
- प्याज - 2 (बारीक कटे)
- टमाटर - 2 (प्यूरी)
- अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 चम्मच
- मिसल मसाला - 2 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्मच
- हल्दी - 1/2 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - 3 चम्मच
- पानी - आवश्यकतानुसार
तड़के और सजाने के लिए
- फरसाण/सेव - 1 कप
- हरा धनिया - बारीक कटा
- नींबू - 1
- बारीक कटा प्याज
पाव के लिए
- पाव - 6
- मक्खन - आवश्यकतानुसार
मिसल पाव बनाने का तरीका
स्वाद से भरपूर मिसल पाव एक टेस्टी स्ट्रीट फूड है। इसे तैयार करने के लिए एक कढ़ाही में तेल गरम करें और उसमें बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट डालें और खुशबू आने तक भूनें।
इसके बाद टमाटर प्यूरी डालकर तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न हो जाए। अब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और मिसल मसाला डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मसाले में उबले मटकी या मूंग और कटे हुए आलू डालें। ऊपर से नमक डालकर हल्का सा भूनें।
इसमें जरूरत अनुसार पानी डालें और 10-12 मिनट तक उबालें, ताकि मसाले का स्वाद अच्छे से स्प्राउट्स में समा जाए। ग्रेवी थोड़ी पतली रखें, यही होटल स्टाइल मिसल की पहचान है।
एक गहरे बाउल में सबसे पहले मिसल की ग्रेवी डालें। ऊपर से फरसाण, बारीक कटा प्याज और हरा धनिया डालें। नींबू का रस निचोड़ें। साइड में मक्खन लगे हुए गरम पाव परोसें। तीखा स्वाद पसंद करने वालों के लिए ऊपर से लाल मिर्च का तड़का भी डाल सकते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)