Matar Dhokla: मटर ढोकला एक बार खाएंगे तो नहीं भूलेंगे स्वाद, सीखें बनाने का सिंपल तरीका
Matar Dhokla Recipe: मटर ढोकला को देखकर किसी का भी इसे खाने का दिल करने लगेगा। इस टेस्टी डिश को आसानी से तैयार किया जा सकता है।
मटर ढोकला बनाने का तरीका।
Matar Dhokla Recipe: ढोकला तो आपने कई तरह के खाए होंगे, लेकिन अगर आप हरे मटर का ट्विस्ट डाल दें तो इसका स्वाद बिल्कुल अलग और लाजवाब हो जाता है। मटर ढोकला न केवल फूला-फूला और मुलायम होता है, बल्कि इसका हरा रंग और खुशबू इसे और भी खास बना देता है। सुबह के नाश्ते का वक्त हो या फिर शाम की चाय का, इसे आसानी से बनाया जा सकता है।
मटर ढोकला की सबसे अच्छी बात यह है कि यह हेल्दी भी है और खाने में हल्का भी। मटर में मौजूद फाइबर और प्रोटीन शरीर को ऊर्जा देते हैं, वहीं ढोकला का स्टीम्ड होना इसे ऑयल-फ्री और डाइजेस्टिव बना देता है।
मटर ढोकला बनाने की सामग्री
- हरे मटर - 1 कप (उबले और पिसे हुए)
- बेसन - 1 कप
- दही - 1/2 कप
- अदरक-हरी मिर्च पेस्ट - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी - 1/2 छोटा चम्मच
- फ्रूट सॉल्ट - 1 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- पानी - आवश्यकतानुसार
तड़के के लिए
- तेल - 1 बड़ा चम्मच
- राई - 1 छोटा चम्मच
- करी पत्ता - 6-7
- हरी मिर्च - 2 (लंबाई में कटी)
- ताजा धनिया और कद्दूकस किया नारियल - सजावट के लिए
मटर ढोकला बनाने की विधि
मटर ढोकला बनाना बहुत सरल है और इसके लिए सबसे पहले बेसन और पिसे हुए हरे मटर को एक बाउल में डालें। इसमें दही, अदरक-हरी मिर्च पेस्ट, हल्दी और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं। जरूरत लगे तो थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा लेकिन स्मूद बैटर बना लें।
जब ढोकला बनाने के लिए स्टीमर तैयार हो जाए, तब बैटर में फ्रूट सॉल्ट डालकर अच्छे से मिलाएं। इससे बैटर फूला हुआ और हल्का बन जाएगा। अब बैटर को ग्रीस की हुई थाली या मोल्ड में डालें और 15 से 20 मिनट तक स्टीम करें। ढोकला पक गया है या नहीं, इसकी जांच चाकू डालकर करे। अगर चाकू साफ निकल आए तो ढोकला तैयार है।
अब तड़का बनाने की तैयारी करें। इसके लिए एक छोटे पैन में तेल गरम करें। इसमें राई डालें। जब यह चटकने लगे, तो करी पत्ता और हरी मिर्च डालकर भूनें। इस तड़के को ढोकले पर डालें और ऊपर से ताजा धनिया और नारियल से सजाएं। मटर ढोकला को चौकोर टुकड़ों में काट लें और हरी चटनी या इमली की चटनी के साथ परोसें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।