Dal Makhani: ढाबे जैसी दाल मखनी घर पर बनाएं, जो खाएगा जरूर पूछेगा रेसिपी

Dal Makhani Recipe: दाल मखनी का ढाबेवाला स्वाद सभी लोगों को पसंद आता है। ये ही जायका आप आसानी से घर पर भी बनाकर हासिल कर सकते हैं।

Updated On 2025-09-13 16:06:00 IST

दाल मखनी बनाने की आसान विधि।

Dal Makhani Recipe: ढाबे वाली दाल मखनी का नाम सुनते ही कई लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। पंजाबी फ्लेवर से भरपूर दाल मखनी जो खाता है वो इसके टेस्ट का मुरीद हो जाता है। सामग्रियों के सही कॉम्बिनेशन और सही विधि की मदद से टेस्टी दाल मखनी को बनाया जा सकता है। इसकी क्रीमी टेक्सचर स्वाद और भी बढ़ा देता है।

दाल मखनी खासतौर पर पार्टी, फेस्टिवल और फैमिली गेट-टुगेदर में बनाई जाती है। इसे बटर नान, रोटी या जीरा राइस के साथ परोसा जाए तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है। आज हम आपको बता रहे हैं दाल मखनी बनाने का आसान तरीका।

दाल मखनी बनाने के लिए सामग्री

  • साबुत उड़द दाल (काली दाल) - 1 कप
  • राजमा - 1/4 कप
  • टमाटर प्यूरी - 1 कप
  • अदरक-लहसुन पेस्ट - 1 चम्मच
  • प्याज - 2 (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 2 (कटी हुई)
  • लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 1/2 चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 चम्मच
  • गरम मसाला - 1 चम्मच
  • ताजा क्रीम - 3 चम्मच
  • मक्खन - 3 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • हरा धनिया - सजावट के लिए

दाल मखनी बनाने की विधि

ढाबे वाली दाल मखनी का स्वाद ज्यादातर लोगों को पसंद आता है। ऐसा ही टेस्ट आप घर पर भी हासिल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले उड़द दाल और राजमा को रातभर या कम से कम 8 घंटे पानी में भिगोकर रखें।

अब प्रेशर कुकर में दाल और राजमा को नमक और पानी डालकर 6-7 सीटी आने तक पकाएं। दाल और राजमा अच्छी तरह गल जानी चाहिए।

एक कड़ाही में मक्खन गरम करें। इसमें प्याज डालकर गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें। फिर अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें। इसके बाद टमाटर प्यूरी डालें और मसालों (हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला) के साथ अच्छे से भूनें।

अब उबली हुई दाल और राजमा को मसाले में डालें। धीमी आंच पर 20-25 मिनट तक पकाएं ताकि मसाले का स्वाद अच्छे से मिल जाए। आखिर में ताजी क्रीम और मक्खन डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। ऊपर से हरे धनिये से सजाएं। गरमा-गरम दाल मखनी को मक्खन नान, रोटी या जीरा राइस के साथ परोसें।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

लेखक: (कीर्ति)

Tags:    

Similar News