Batata Poha Recipe: नाश्ते में बनाएं बटाटा पोहा, बच्चों से लेकर बड़े तक सब करेंगे पसंद
Batata Poha Recipe: बटाटा पोहा एक कॉमन ब्रेकफास्ट है जिसे खूब पसंद किया जाता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि।
बटाटा पोहा बनाने का आसान तरीका।
Batata Poha Recipe: बटाटा पोहा के साथ दिन की टेस्टी और हेल्दी शुरुआत की जा सकती है। बटाटा पोहा महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की बेहद लोकप्रिय डिश है, जिसे खासकर नाश्ते या हल्के खाने के तौर पर पसंद किया जाता है। इसमें पोहा, आलू और कुछ बेसिक मसालों का इस्तेमाल होता है, जिससे इसका स्वाद लाजवाब और पेट भरने वाला बन जाता है।
पोहा आयरन और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है और आलू मिल जाने से इसका स्वाद दोगुना बढ़ जाता है। हरी मिर्च, करी पत्ता और नींबू का तड़का इसे और भी चटपटा बना देता है। बटाटा पोहापचने में भी बेहद हल्का है, इसलिए बच्चे से लेकर बड़े तक हर कोई इसे बड़े चाव से खा सकता है।
बटाटा पोहा बनाने के लिए सामग्री
- पोहा - 2 कप
- आलू - 2 मध्यम आकार के (छोटे टुकड़ों में कटे हुए)
- प्याज़ - 1 बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च - 2 बारीक कटी हुई
- करी पत्ता - 8-10
- राई (सरसों) - 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- मूंगफली - 2 बड़े चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - 2 बड़े चम्मच
- नींबू - 1
- हरा धनिया - सजाने के लिए
बटाटा पोहा बनाने की विधि
बटाटा पोहा बनाना बहुत सरल है और इसे मिनटों में तैयार किया जा सकता है। सबसे पहले पोहा को पानी में डालकर धो लें और तुरंत छानकर एक बर्तन में रख दें। इसमें नमक और हल्दी डालकर अच्छे से मिला लें और 5 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे पोहा सॉफ्ट और टेस्टी बनेगा।
अब कड़ाही में तेल गरम करें। इसमें मूंगफली डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें और अलग निकाल लें। उसी तेल में राई डालें, जब यह चटकने लगे तो करी पत्ता और हरी मिर्च डालें।
जब करी पत्ता अच्छे से भुन जाए तो इसमें बारीक कटा प्याज़ डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें। अब इसमें कटे हुए आलू डालें और ढककर नरम होने तक पकाएं।
जब आलू पक जाएं तो इसमें भुनी हुई मूंगफली और पोहा डाल दें। हल्के हाथों से अच्छे से मिलाएं ताकि सभी मसाले पोहा में अच्छे से मिल जाएं। गैस धीमी रखें और 3 से 4 मिनट तक ढककर पकाएं।
आखिर में ऊपर से नींबू का रस निचोड़ें और हरे धनिये से सजाएं। गरमा-गरम बटाटा पोहा तैयार है। इसे चाय या दही के साथ परोसें, स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।