Helmet and Hair Loss: हेलमेट पहनने से क्या वाकई बाल झड़ते हैं? सच्चाई जानकर होंगे हैरान
Helmet and Hair Loss: आपने अक्सर लोगों से सुना होगा कि हेलमेट पहनने से बाल झड़ने लगते हैं। क्या वाकई ऐसा होता है, जानते हैं इस बारे में।
हेलमेट से बाल झड़ने का संबंध?
Helmet and Hair Loss: बाइक या स्कूटर चलाते वक्त हेलमेट पहनना आज कानूनी मजबूरी ही नहीं, बल्कि सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी बन चुका है। लेकिन इसी हेलमेट को लेकर लोगों के मन में एक डर भी बैठा हुआ है क्या हेलमेट पहनने से बाल झड़ते हैं? सोशल मीडिया से लेकर चाय की दुकानों तक, यह सवाल अक्सर सुनने को मिलता है।
कई लोग तो बाल झड़ने का ठीकरा सीधे हेलमेट पर फोड़ देते हैं और पहनना तक कम कर देते हैं। लेकिन क्या वाकई हेलमेट ही गंजेपन की वजह बनता है या फिर इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी है?
क्या हेलमेट सीधे तौर पर बाल झड़ने की वजह है
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, हेलमेट पहनने से सीधे तौर पर बाल झड़ने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। बालों का झड़ना आमतौर पर जेनेटिक कारणों, हार्मोनल बदलाव, तनाव, पोषण की कमी और स्कैल्प से जुड़ी समस्याओं की वजह से होता है। हेलमेट इन कारणों को जन्म नहीं देता, लेकिन कुछ स्थितियों में यह समस्या को बढ़ा जरूर सकता है।
फिर हेलमेट से जुड़ी शिकायतें क्यों आती हैं
दरअसल लंबे समय तक टाइट हेलमेट पहनने से स्कैल्प पर पसीना, गर्मी और गंदगी जमा हो जाती है। इससे डैंड्रफ, फंगल इंफेक्शन और खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं, जिसे लोग बाल झड़ना समझ लेते हैं। इसे मेडिकल भाषा में ट्रैक्शन एलोपेसिया भी कहा जाता है, जो लगातार घर्षण से हो सकता है।
पसीना और गंदगी बन सकती है असली वजह
हेलमेट के अंदर हवा का सही सर्कुलेशन न होने से स्कैल्प लंबे समय तक नम रहती है। यह बैक्टीरिया और फंगस के लिए आदर्श माहौल बनाता है। अगर समय-समय पर हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग साफ न की जाए, तो स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, जो बालों की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।
हेलमेट पहनना बंद करना है गलत फैसला
सिर्फ बालों के डर से हेलमेट न पहनना एक बड़ी गलती हो सकती है। सड़क हादसों में सिर की चोट जानलेवा साबित हो सकती है। एक्सपर्ट्स साफ कहते हैं कि हेलमेट छोड़ने से बेहतर है सही तरीके से हेलमेट पहनना और स्कैल्प की देखभाल करना।
कैसे पहनें हेलमेट ताकि बालों को नुकसान न हो
सही साइज का हेलमेट चुनें, जो ज्यादा टाइट न हो। कॉटन या स्कैल्प-फ्रेंडली कैप का इस्तेमाल करें। रोजाना बाल धोने की जरूरत नहीं, लेकिन पसीना ज्यादा आता है तो माइल्ड शैंपू से नियमित सफाई जरूरी है। साथ ही हेलमेट की पैडिंग को समय-समय पर धोना भी बेहद अहम है।
नतीजा क्या कहता है
हेलमेट खुद बाल झड़ने की वजह नहीं है, लेकिन गलत इस्तेमाल और साफ-सफाई की कमी से यह समस्या बढ़ सकती है। थोड़ी सी समझदारी और सही हेयर केयर रूटीन अपनाकर आप बालों और सुरक्षा दोनों का ध्यान रख सकते हैं।
(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)